FIFA World Cup खेलने वाली इन 2 टीमों के खिलाफ खेलेगी भारतीय टीम मैच

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने गुरुवार को बताया कि भारतीय सीनियर पुरुष टीम आगामी फीफा विंडो में 26 सितंबर को पनामा से और छह अक्टूबर को दो बार की विश्व चैंपियन उरुग्वे से अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी।इस तरह फीफा विंडो में भारत घरेलू मैदान पर किसी मजबूत टीम के खिलाफ तीसरा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबला खेलेगा।

उरुग्वे के खिलाफ यह मुकाबला कोलकाता में पांच बार की विश्व कप चैंपियन ब्राजील के खिलाफ भारत के अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच के तीन दिन बाद खेला जाएगा।

ब्राजील के खिलाफ मैच भी कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में होगा। उरुग्वे के खिलाफ मुकाबला भी इसी प्रतिष्ठित स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।भारतीय टीम 26 सितंबर को बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम में पनामा के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी। फीफा की अंतरराष्ट्रीय विंडो 21 सितंबर से छह अक्टूबर तक होगी और इस अवधि में कोई देश अधिकतम चार मैच खेल सकता है।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने गुरुवार को एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय पुरुष राष्ट्रीय टीम कोलकाता में विश्व फुटबॉल की एक और दिग्गज टीम का स्वागत करेगी। दो बार की फीफा विश्व कप चैंपियन उरुग्वे छह अक्टूबर 2026 को विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगा। यह इस विंडो में भारत का तीसरा हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच होगा। ’’

महासंघ ने कहा, ‘‘एक ही फीफा विंडो के दौरान विश्व कप में खेल चुके तीन देश पनामा, ब्राजील और उरुग्वे भारत का दौरा करेंगे। ’’

उरुग्वे फिलहाल फीफा रैंकिंग में 20वें स्थान पर है। उसने 1930 और 1950 में विश्व कप जीता था। टीम 1954, 1970 और 2010 में तीन बार विश्व कप के सेमीफाइनल तक भी पहुंची है।उरुग्वे 2026 विश्व कप में ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया। उसने सऊदी अरब के खिलाफ 1-1 और केप वर्डे के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला जबकि बाद में चैंपियन बनी स्पेन से 0-1 से हार गया।

उरुग्वे को 2022 विश्व कप में भी ग्रुप चरण से बाहर होना पड़ा था। उरुग्वे के मौजूदा मुख्य कोच डिएगो फोर्लान 2016 में मुंबई सिटी एफसी के लिए खेल चुके हैं।इससे पहले एआईएफएफ ने घोषणा की कि बेंगलुरु का श्री कांतीरवा स्टेडियम 26 सितंबर को भारत-पनामा मैत्री मैच की मेजबानी करेगा।

भारतीय टीम सैफ चैंपियनशिप 2023 के बाद बेंगलुरु में खेलेगी। उस टूर्नामेंट में भारत ने इसी मैदान पर फाइनल में कुवैत को हराकर खिताब जीता था।फिलहाल विश्व रैंकिंग में 44वें स्थान पर मौजूद पनामा की टीम भारत को मजबूत चुनौती पेश करेगी। इस मध्य अमेरिकी देश ने फीफा विश्व कप 2026 में भी हिस्सा लिया था जिससे इस मुकाबले का महत्व और बढ़ जाता है।

यह भारत का किसी विश्व कप में खेलने वाले देश के खिलाफ पहला मैत्री मैच होगा। यह व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान खेला जाएगा और इसके ठीक एक सप्ताह बाद भारत तीन अक्टूबर को कोलकाता में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के खिलाफ खेलेगा।इसके अलावा भारतीय टीम को 12 और 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर दो मैच खेलने हैं।

FIFA World Cup Final के कारण इन दो पूर्वोत्तर राज्यों में सोमवार को घोषित हुई स्कूल की छुट्टी

FIFA World Cup

मणिपुर और मेघालय की सरकारों ने छात्रों को फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल का लुत्फ उठाने का मौका देने के लिए सोमवार को राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है।फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में गत विजेता अर्जेंटीना का मुकाबला स्पेन से होगा।

मणिपुर के शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, ‘‘मणिपुर के राज्यपाल ने निर्देश दिए हैं कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई अथवा किसी अन्य बोर्ड से संबद्ध सभी विद्यालयों के साथ-साथ सभी सरकारी, अनुदानित और निजी महाविद्यालय, उच्च शिक्षण संस्थान तथा विश्वविद्यालय 20 जुलाई को बंद रहेंगे।’’

आदेश में यह भी कहा गया है कि 20 जुलाई 2026 को प्रातः 12:30 बजे (रात्रि 12:30 बजे) होने वाले फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले का राज्यभर के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक आनंद ले सकें, इसी उद्देश्य से यह अवकाश घोषित किया गया है।

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने सोमवार को राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित करने की घोषणा की है।यह घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब पूरे राज्य में विश्व कप को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैचों के लाइव प्रसारण के लिए शिलांग के एक पार्किंग स्थल के अलावा जोवाई और तुरा में स्थापित ‘सीएम फैन पार्क’ को फुटबॉल प्रेमियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।

मेघालय में फुटबॉल के इस उत्सव को वैश्विक पहचान भी मिली, जब हाल ही में फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर राज्य में फुटबॉल के प्रति लोगों के उत्साह की सराहना की।मुख्यमंत्री संगमा ने रविवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैंने सोमवार को स्कूलों और कॉलेजों सहित राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश रखने का फैसला लिया है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेघालय में फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि लोगों का जुनून और जीवनशैली का हिस्सा है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए युवाओं को इस बहुप्रतीक्षित फाइनल का पूरा आनंद लेने का अवसर देने के लिए यह निर्णय लिया गया है।उन्होंने ‘सीएम फैन पार्क’ को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया का भी उल्लेख किया, जहां हजारों फुटबॉल प्रेमी एक साथ विश्व कप मुकाबलों का आनंद ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रशंसकों को रोमांचक फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

FIFA World Cup 2026 Final: अर्जेंटीना और स्पेन के बीच ब्लॉकबस्टर फाइनल, जानें भारत में कब और कहां देख सकते हैं मुकाबला

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। फीफा वर्ल्ड कप का नया चैंपियन मिलने में सिर्फ एक मुकाबला बाकी है। कई हफ्तों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद अब खिताब के लिए स्पेन और अर्जेंटीना आमने-सामने होंगे। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की मेजबानी में खेले गए इस टूर्नामेंट का समापन एक हाई-वोल्टेज फाइनल के साथ होगा। दुनियाभर के फुटबॉल फैंस बेसब्री से फाइनल का इंतजार कर रहे हैं। दोनों टीमें ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। वहीं भारत में फैंस यह जानना चाहते हैं कि फाइनल किस तारीख और समय पर देखा जा सकेगा।

भारत में कितने बजे शुरू होगा मुकाबला

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला स्पेन और अर्जेंटीना के बीच न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबला स्पेन और अर्जेंटीना के बीच रविवार, 19 जुलाई (स्थानीय समय) को खेला जाएगा। वहीं भारतीय दर्शकों को ये मैच सोमवार, 20 जुलाई की आधी रात के बाद यानी 12:30 बजे (IST) देखने को मिलेगा। यानी भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों को इस महामुकाबले का रोमांच देखने के लिए रविवार देर रात तक जागना पड़ेगा। स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले इस खिताबी मुकाबले का इंतजार देश के लाखों फुटबॉल प्रेमी बेसब्री से कर रहे हैं।

वहीं तीसरे स्थान के लिए इंग्लैंड और फ्रांस की टीमें 18 जुलाई (स्थानीय समय) को मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में भिड़ेंगी। भारतीय समय के अनुसार ये मुकाबला 19 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा।

सेमीफाइनल में इसे दी मात

स्पेन ने सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर शानदार अंदाज में फाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से मात देकर लगातार दूसरी बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। अब ट्रॉफी के लिए दोनों टीमें फाइनल में बढ़ेगी।

कहां पर देखें लाइव मुकाबला

भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले का लाइव प्रसारण कई प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकेगा। ऑनलाइन मैच देखने वाले दर्शक इसे ZEE5 पर लाइव स्ट्रीम कर सकेंगे। वहीं टीवी पर यह मुकाबला Unite8 स्पोर्ट्स चैनल पर प्रसारित होगा। इसके अलावा, डीडी फ्री डिश का इस्तेमाल करने वाले फुटबॉल प्रशंसक DD Sports पर भी इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।