Satluj: रिलीज के 2 दिन बाद ZEE5 से हटाई गई दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’, प्लेटफॉर्म ने जारी किया बयान

दिलजीत दोसांझ स्टारर फिल्म सतलुज (पहले इसका नाम पंजाब 95 था) एक बार फिर चर्चा में हैं। फिल्म ‘सतलुज’ लंबे इंतजार के बाद ZEE5 पर रिलीज हुई थी। वहीं अपनी रिलीज के कुछ ही दिनों बाद ये फिल्म भारत में ZEE5 से हटा दी गई है। दिलजीत दोसांझ की चर्चित फिल्म सतलुज को रिलीज होने से पहले कई साल तक कानूनी और सर्टिफिकेशन से जुड़ी अड़चनों के बाद रिलीज हुई थी। ZEE5 ने बताया कि, कुछ कारणों की वजह से फिल्म फिलहाल उपलब्ध नहीं है और उसकी टीम इसे दोबारा जल्द से जल्द दर्शकों के लिए लाने की कोशिश कर रही है।

रिलीज के दो दिन बाद ओटीटी से हटाया गया

हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी फिल्म सतलुज 3 जुलाई को ZEE5 पर बिना किसी बदलाव के रिलीज की गई थी। फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन भी मिला, लेकिन रिलीज के सिर्फ दो दिन बाद ही इसे भारत में प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। ZEE5 ने सोशल मीडिया पर दर्शकों का प्यार और समर्थन मिलने के लिए आभार जताया और कहा कि फिल्म को जल्द दोबारा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। बयान में कहा गया, “रिलीज के बाद से सतलुज को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है। हम उन सभी लोगों के दिल से आभारी हैं जिन्होंने फिल्म को देखने और अपना समर्थन देने का फैसला किया। आपका प्यार और भरोसा हमारे लिए और इस फिल्म से जुड़े हर व्यक्ति के लिए बेहद खास है।”

नहीं बताया गया वजह

प्लेटफॉर्म के मुताबिक, कुछ मौजूदा परिस्थितियों की वजह से फिल्म को फिलहाल भारत में स्ट्रीमिंग से हटा दिया गया है। लेकिन इसे हटाने के पीछे की वजह नहीं बताई गई। बयान में कहा गया, “ZEE5 पर हम फिल्म सतलुज और इसके पीछे की क्रिएटिव विजन के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। हमारा मानना है कि अच्छी कहानियां लोगों को प्रेरित करने और उन पर गहरा प्रभाव छोड़ने की ताकत रखती हैं। हम हमेशा सच्ची और अर्थपूर्ण कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए, सतलुज अगली सूचना तक भारत में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध नहीं रहेगी।”

 

View this post on Instagram

A post shared by Zee 5 (@zee5)

पोस्ट में आगे कहा, “हमारी कोशिश है कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर फिल्म को जल्द से जल्द फिर से दर्शकों के बीच लाया जाए। रचनाकारों और ईमानदारी व उद्देश्य के साथ बनाई गई कहानियों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता पहले की तरह कायम है।”

पोस्ट के साथ साझा किए गए एक अलग कैप्शन में लिखा गया, “सतलुज फिलहाल भले ही स्ट्रीमिंग पर उपलब्ध न हो, लेकिन इस फिल्म ने जो चर्चा शुरू की है, वह अब भी जारी है। हमें इतना प्यार और समर्थन देने के लिए आप सभी का धन्यवाद। हमें उम्मीद है कि फिल्म जल्द ही फिर से आपके बीच होगी।”

कौन-कौन है फिल्म में

हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी सतलुज में दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिका में हैं। ये फिल्म ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट जसवंत सिंह खालरा के जीवन से प्रेरित बताई जाती है। पहले इसका नाम पंजाब 95 रखा गया था, लेकिन सर्टिफिकेशन से जुड़ी परेशानियों की वजह से इसकी रिलीज कई साल तक अटकी रही। लंबी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिल्म आखिरकार ZEE5 पर रिलीज हुई। सतलुज का निर्माण RSVP और मैकगफिन पिक्चर्स ने मिलकर किया है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ के अलावा अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्यान भी अहम किरदारों में नजर आए हैं। अपनी दमदार स्टारकास्ट और गंभीर विषय की वजह से यह फिल्म शुरुआत से ही चर्चा में बनी हुई है।

Imtiaz Ali: बुर्का पहनने और पर्दा करने को सही बताने वाली महिलाओं पर भड़के इम्तियाज अली, कहा- ‘आप पीड़ित रही हैं…’

Imtiaz Ali: इम्तियाज़ अली ने बुर्का या पर्दा पहनने वालों के खिलाफ बड़ा स्टेटमेंट देकर हलचल मचा दी है। हाल ही में एक इंटरव्यू में फिल्ममेकर ने ऐसी महिलाओं की आलोचना की जो बुर्का पहनना सहज मानती है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें इसमें सहज महसूस होता है, तो इसका मतलब है कि वे ‘पीड़ित’ रही हैं।

इम्तियाज़ अली ने समदीश भाटिया के पॉडकास्ट पर कहा, “मुझे यह पसंद नहीं है जब कोई कहता है ‘मैं अपने बुर्के में सहज हूं… मैं अपने पर्दे में सहज हूं।’ यह एक बिगड़ा हुआ समाज है। अगर आपको ऐसा लगता है, तो यह ठीक नहीं है। इसका मतलब है कि आप अपने मन में ही इस हद तक पीड़ित हो चुकी हैं, पता नहीं कैसे, कि बंदिशे आपको सहज लगने लगीं।”

जब होस्ट ने कहा कि अलग-अलग समुदायों के नियम अलग-अलग होते हैं और उन्हें उन नियमों को मानने से रोका नहीं जा सकता, तो इम्तियाज़ ने जवाब दिया, “बात किसी को रोकने की नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “लेकिन मेरे आस-पास के लोग… मेरी सोच यह नहीं है कि मैं किसी को रोक रहा हूं या किसी के घर जाकर बात कर रहा हूं। बल्कि सहनशीलता और संयम की होना चाहिए। देखिए, मेरा हालिया सोचना यह है कि संयम रखने वाले लोग कहां चले गए? आजकल हर कोई चरमपंथी सोच वाला हो गया है। बातचीत करना मुश्किल हो गया है। मैं आपका दुश्मन नहीं हूं।”

इम्तियाज़ अली इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं। इस फ़िल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना अहम भूमिकाओं में हैं। हालांकि फ़िल्म को अच्छे रिव्यू मिले हैं, लेकिन यह अब तक बॉक्स ऑफ़िस पर बहुत अच्छी कमाई नहीं कर पाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मैं वापस आऊंगा’ ने भारत में पांच दिनों में 8.30 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई की है।

हाल ही में, इम्तियाज़ अली ने ‘मैं वापस आऊंगा’ के बॉक्स ऑफ़िस परफॉर्मेंस के बारे में बात करते हुए हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, “यह कोई स्टार-बेस्ड फ़िल्म नहीं है, इसलिए इसे ऐसा ही होना था। इसकी ओपनिंग बहुत बड़ी नहीं हो सकती थी। अगर फ़िल्म अच्छी है, तो लोग इसे देखेंगे और दूसरों को भी देखने के लिए कहेंगे, और यही एकमात्र तरीका है जिससे यह फ़िल्म आगे बढ़ेगी। उम्मीद है कि यह आगे बढ़ेगी और मज़बूत होगी।”

फ़िल्ममेकर ने कहा, “मुझे इस बात की खास खुशी है कि युवा पीढ़ी इसे पसंद कर रही है। आमतौर पर तारीफ़ मिलने और बॉक्स ऑफ़िस पर सफलता मिलने के बीच थोड़ा समय लगता है, और उम्मीद है कि हम उस अंतर को खत्म करने के करीब हैं।” उन्होंने आगे कहा, “अब टिकटों की बिक्री में तेज़ी आ रही है। अगर आप बिक्री के आंकड़े देखें, तो उनमें सुधार हो रहा है।”