
सोनिया गांधी की किताब इन दिनों चर्चा में है। सोशल मीडिया में इस किताब को लेकर ट्रेंड और बहस चल रहे हैं। वहीं राजनीतिक दल भी इसे लेकर आमने सामने हैं। सोशल मीडिया में किताब के साथ लोग अपने फोटो शेयर कर रहे हैं। किताब को लेकर लोग दो धड़ों में बंट गए हैं। कई लेखक और साहित्यकार किताब को लेकर बंट गए हैं और आपस में बहस कर रहे हैं। कोई किताब में कई तरह की गलतियां बता रहे हैं तो कोई इसे किसी और द्वारा लिखी किताब बता रहा है।
क्या है बीजेपी का आरोप: भारतीय जनता पार्टी (BJP) का कहना है कि यह किताब नेहरू-गांधी परिवार की गलतियों और इतिहास पर परदा डालने यानी “व्हाइटवॉश” करने की एक कोशिश है।
कांग्रेस ने दिया जवाब : कांग्रेस नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सत्ताधारी पार्टी राजनीतिक फायदे के लिए पुराने और ऐतिहासिक मुद्दों को बेवजह तूल दे रही है। बीजेपी नेताओं ने यह भी सवाल उठाया है कि किताब में नेशनल हेराल्ड या मनमोहन सिंह सरकार के दौरान के मुद्दों का जिक्र क्यों नहीं है।
1984 के सिख दंगों को लेकर सवाल : किताब के आने के बाद सोशल मीडिया और विभिन्न राजनीतिक हलकों में विरोध देखने को मिला है। 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों और कुछ अन्य राजनीतिक विश्लेषकों ने भी इस किताब के कुछ हिस्सों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
राजीव गांधी पर दावा: किताब में यह दावा किया गया है कि राजीव गांधी और उनके परिवार ने सिखों के कत्लेआम में कोई भूमिका नहीं निभाई थी। साथ ही, 31 अक्टूबर की रात राजीव गांधी द्वारा सेना बुलाने की बात कही गई, लेकिन सेना की तैनाती में देरी का ठीकरा सेना या प्रशासन पर फोड़ने का आरोप लगाया गया है। बीजेपी नेताओं ने इसे आधिकारिक रिकॉर्ड के विपरीत और घटनाओं को ‘व्हाइटवॉश’ (दोष छिपाने) की कोशिश बताया है।
बाबरी मस्जिद विध्वंस पर टिप्पणी: सोनिया गांधी ने किताब में दावा किया है कि बाबरी मस्जिद ढहाए जाने को टेलीविजन पर देखकर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। इस पर बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने पलटवार करते हुए पूछा है कि 1984 के सिख दंगों के वक्त उनके आंसू क्यों नहीं निकले।
आपातकाल और त्याग का मुद्दा: सोनिया गांधी ने दावा किया है कि उनके पति राजीव गांधी आपातकाल के खिलाफ थे। बीजेपी के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी और अन्य नेताओं ने 2004 में प्रधानमंत्री पद छोड़ने के उनके फैसले और यूपीए सरकार में नेशनल एडवाइजरी काउंसिल (NAC) की अध्यक्षता संभालने के ‘त्याग’ के दावे पर सवाल उठाए हैं।
प्रकाशन से पहले विवाद (Penguin vs HarperCollins): यह किताब पहले पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (Penguin Random House India) से प्रकाशित होने वाली थी, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी, आरएसएस (RSS), चीन और कुछ सांप्रदायिक मुद्दों से जुड़े अंशों पर संपादकीय बदलावों को लेकर सहमति न बन पाने के कारण पेंगुइन ने इसे प्रकाशित करने से पीछे हटने का फैसला किया। बाद में यह किताब हार्वर्ड कॉलिन्स इंडिया (HarperCollins India) द्वारा 10 नवंबर 2026 को लॉन्च हुई।
इंदिरा गांधी की हत्या का दर्द : सोनिया गांधी ने 31 अक्टूबर 1984 की घटनाओं को भी विस्तार से याद किया है। उन्होंने बताया कि उस दिन अचानक गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं और कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर हमला हुआ है। अस्पताल पहुंचने से लेकर उनके निधन की खबर मिलने तक के हर पल को उन्होंने बेहद भावुक शब्दों में बयान किया है।
क्यों घबरा गई थीं राजीव के पीएम बनने की खबर पर : किताब में सोनिया गांधी ने उस क्षण का भी जिक्र किया है जब इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी ने उन्हें बताया कि उनसे प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के लिए कहा गया है। उन्होंने लिखा कि यह सुनकर वह अंदर तक हिल गई थीं। उन्हें अपने पति की सुरक्षा की चिंता सताने लगी थी। जब उन्होंने राजीव गांधी से यह जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करने का आग्रह किया तो राजीव ने जवाब दिया, “वे वैसे भी मुझे मार डालेंगे”


