
मुंबई में छठ पूजा की तैयारियों के बीच बुधवार को उस समय एक नया विवाद खड़ा हो गया, जब वडाला, विद्या विहार, कुर्ला और आंबिवली समेत कई रेलवे स्टेशनों के लाउडस्पीकरों पर छठ पूजा के भोजपुरी भक्ति गीत सुनाई देने लगे। आमतौर पर स्टेशनों के अनाउंसमेंट सिस्टम पर ट्रेनों की जानकारी या राष्ट्रीय पर्वों पर देशभक्ति के गीत बजते हैं। सामाजिक सद्भाव बढ़ाने के उद्देश्य से की गई रेलवे की इस पहल का वीडियो वायरल होते ही महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। ALSO READ: यमुना में मरी मछलियां मिलने पर दिल्ली में सियासी संग्राम: प्रवेश वर्मा के आरोप पर सौरभ भारद्वाज का पलटवार
मराठी संगठनों और विपक्ष ने जताई नाराजगी
सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली पर भोजपुरी गीत बजाए जाने पर मराठी भाषी लोगों और विपक्षी दलों ने तीखी आपत्ति जताते हुए इसे तत्काल रोकने और आंदोलन की चेतावनी दी है। मराठी एकीकरण समिति के अध्यक्ष गोवर्धन देशमुख ने वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र को बिहार न बनाया जाए और मराठी लोगों के सब्र का इम्तिहान न लिया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि यह त्योहार निजी स्थानों पर मनाया जाना चाहिए और चौकों व झीलों को गंदा नहीं होने देना चाहिए।
शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राऊत ने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनावों के लिए मुंबई के मंच का इस्तेमाल कर स्थानीय संस्कृति पर हावी होने की कोशिश न की जाए। उन्होंने सभी पर्वों के सम्मान की बात करते हुए कहा कि छठ को त्योहार की तरह मनाया जाए, वे भी शामिल होंगे, लेकिन स्टेशनों पर देशभक्ति के गीत बजने चाहिए।
बीएमसी में नेता प्रतिपक्ष किशोरी पेडणेकर ने तंज कसते हुए कहा कि यूपी-बिहार के मुख्यमंत्री तो अपने राज्यों को सुधार रहे हैं, लेकिन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अपने राज्य को यूपी-बिहार बनाने पर तुले हैं।
मनसे के पूर्व विधायम राजू पाटिल ने सवाल उठाया कि भाई दूज जैसे पर्व पर उपनगरीय स्टेशनों पर मराठी गीत क्यों नहीं बजते? महाराष्ट्र के त्योहारों को प्राथमिकता देने के बजाय दूसरे प्रांतों के पर्व मनाने की क्या जरूरत है।
रेलवे की सफाई और सत्तापक्ष का पलटवार
मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के कारण मुंबई से प्रतिदिन लगभग 50 से 60 हजार यात्री यूपी और बिहार जा रहे हैं। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार यात्रियों की सुविधा व सांस्कृतिक जुड़ाव के तहत घोषणाओं के बीच ये गीत बजाए जा रहे हैं।
शिवसेना शिंदे गुट के नेता संजय निरुपम ने विपक्ष की आपत्ति को संकीर्ण मानसिकता करार दिया। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे ने मुंबई के अलावा पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता जैसे शहरों में भी छठ गीत बजाने की पहल की है, इसलिए भक्ति भाव में शक्ति प्रदर्शन तलाशना गलत है।
भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना का हवाला देते हुए कहा कि सभी समुदायों के रीति-रिवाजों और धर्मों का सम्मान करने से ही आपसी कटुता खत्म होगी।
बाणगंगा तालाब में पूजा को लेकर भी बवाल
इसी बीच दक्षिण मुंबई के ऐतिहासिक बाणगंगा तालाब में छठ पूजा आयोजित करने को लेकर भी तनाव बढ़ गया है। मनसे कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे किसी भी हाल में वहां पूजा नहीं होने देंगे। बीएमसी के डी-वार्ड कार्यालय में छठ की तैयारियों को लेकर बैठक होने की खबर मिलते ही मनसे पदाधिकारियों ने कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की, हालांकि बाद में प्रशासन ने ऐसी किसी बैठक के आयोजन से इनकार किया।


