
कोरोना के साल 2020 में कहर बरपाने के बाद इसके कई वेरिएंट सामने आ चुके हैं। हाल ही में एक और नया वेरिएंट चर्चा में बना हुआ है जिसका नाम है PJ.2.1। इस नए वेरिएंट को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बड़ा दावा किया है कि यह बिल्कुल सामान्य फ्लू जैसा है, जिसकी वजह से यह जांच कर पाना बहुत मुश्किल हो जाएगा कि यह नॉर्मल फ्लू है या कोविड-19 कोविड-19 का नया वेरिएंट PJ.2.1 : कोविड-19 में लगातार हो रहे म्यूटेशन के बाद अब वेरिएंट PJ.2.1 विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा रहा है। SARS-CoV-2 वायरस के दूसरे वेरिएंट्स की तरह यह भी सांस से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकता है। हालांकि, इसकी गंभीरता और क्लिनिकल प्रभाव के लिए अभी जीनोमिक निगरानी की जरूरत है। पर इसे लेकर दावा है कि इस PJ.2.1 वेरिएंट से संक्रमित होने पर गले में तेज दर्द ठीक होने के बाद भी लंबे समय तक थकान रह सकती है। वहीं, इसकी जांच के लिए डायग्नोस्टिक टेस्ट करवाना भी बहुत जरूरी है।
क्या है इसके लक्षण : विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, इस नए वेरिएंट के लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे ही हैं, जिससे इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है।
कोविड-19 के इस नए वेरिएंट के लक्षण सामान्य फ्लू से काफी मिलते-जुलते हैं: ठंड लगना, सिर दर्द, बुखार लगना, नाक बंद होना, गले में खराश, थकान, मांसपेशियों में दर्द, पेट से जुड़ी परेशानियां।
कारण और फैलने की वजह : इस वायरस में स्पाइक प्रोटीन का म्यूटेशन होता है, जिससे यह प्रोटीन किसी चाबी की तरह ACE2 रिसेप्टर्स का उपयोग करके होस्ट सेल्स में जुड़ जाता है। इसके फैलने की सबसे मुख्य वजह छींक-खांसी की बूंदें हैं, जिसके माध्यम से यह दूसरे के शरीर में प्रवेश करता है।
कोरोना के नए वेरिएंट PJ.2.1 से जुड़ी खास बातें: यह वेरिएंट सबसे पहले मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में पाया गया था। अब यह उत्तरी अमेरिका, यूरोप, एशिया और ओशेनिया के कई हिस्सों में फैल रहा है।
खतरा और रिसर्च: अक्टूबर 2026 में ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में पब्लिश हुई रिसर्च के मुताबिक, इसमें मानव कोशिकाओं में घुसने की क्षमता (S2 प्रोटीन के जरिए) बढ़ सकती है। हालांकि, अभी तक इससे बहुत गंभीर बीमारी फैलने के पुख्ता सबूत सामने नहीं आए हैं।
वैक्सीन की स्थिति: शुरुआती रिसर्च में यह बात सामने आई है कि यह वेरिएंट वैक्सीन से बनी एंटीबॉडीज के प्रति बहुत ज्यादा प्रतिरोध नहीं दिखाता है, लेकिन सतर्कता बरतना जरूरी है।
बचाव के उपाय:
• भीड़भाड़ वाले और कम हवादार स्थानों पर मास्क पहनें।
• हाथों को बार-बार साफ करें और स्वच्छता का ध्यान रखें।
• फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर खुद से इलाज न करें और डॉक्टर की सलाह लेकर जांच कराएं।


