
राहुल गांधी ने बड़वानी की छात्रा प्रियंका सेंगर से किया अपना वादा पूरा कर दिया है। प्रियंका ने इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ आयोजन में अपनी तकलीफ बताई थी और कहा था कि एक आंख खराब है। राहुल ने उसकी आंख देखकर दिल्ली में उसके मुफ्त इलाज का वादा किया था। अब बड़वानी की प्रियंका सेंगर दिल्ली से अपनी आँखों का इलाज कराकर इंदौर लौटी है।
छात्रों की गूंज में किया था वादा: बता दें कि 19 सितंबर को जो विद्यार्थी मंच पर आए थे, उनमें प्रियंका भी शामिल थी। प्रियंका की एक आंख खराब देख राहुल ने उससे पूछा था। तब प्रियंका ने बचपन में हुए हादसे का जिक्र कर एक आंख खराब होने की बात बताई थी और कहा था कि पैसों के अभाव में इलाज नहीं करवा पा रही है। इसके बाद राहुल ने मंच पर ही कहा था, दिल्ली में आपका इलाज कराऊंगा। पिछले महीने राहुल गांधी की टीम ने प्रियंका और उसके परिजनों से संपर्क किया था और फिर दिल्ली इलाज के लिए बुलाया था। दिल्ली में प्रियंका की आंखों का इलाज हो चुका है और पहले की तुलना में उसकी आंखों की दृश्यता बेहतर हुई है। वह दिल्ली से फ्लाइट से इंदौर लौटी।
आंखों में चला गया था चूना : प्रियंका ने बताया था कि जब वह तीन साल की थी, तब उसकी आंखों में चूना चला गया था। इससे एक आंख खराब हो गई थी और आंख से दिखाई भी नहीं देता था। राहुल ने मंच से पूछा था कि आंखों का इलाज कराया? तो प्रियंका ने बताया था कि एक ऑपरेशन तो हो चुका है, लेकिन दूसरे ऑपरेशन के लिए माता-पिता के पास पैसे नहीं थे। इस कारण आगे का इलाज नहीं हो सका।
जीतू पटवारी ने किया था कोर्डिनेट : राहुल द्वारा इलाज का आश्वासन दिलाए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रियंका के माता-पिता से फोन पर चर्चा की थी और इलाज का भरोसा दिलाया। फिर कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका को दिल्ली पहुंचाया। इलाज से पहले राहुल की टीम ने अब तक हुए आंखों के इलाज की जानकारी मांगी थी। प्रियंका उन विद्यार्थियों में शामिल थी, जिनसे राहुल ने मंच पर बुलाकर बातचीत की थी। प्रियंका ने हॉस्टल की समस्या बताई थी।


