Muthoot Finance Q2 Results: गोल्ड लोन देने वाली देश की सबसे बड़ी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी मुथूट फाइनेंस ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के दमदार नतीजे घोषित कर दिए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 27% बढ़कर ₹2,978 करोड़ पर पहुंच गया है। Q2 में लेंडिंग पोर्टफोलियो में जबरदस्त विस्तार और माइक्रोफाइनेंस सब्सिडियरी की एसेट क्वालिटी में सुधार से कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा है।
बता दें कि तिमाही नतीजों की घोषणा के पहले, 30 अक्टूबर 2026 को NSE पर मुथूट फाइनेंस के शेयर 3.54% गिरकर ₹2,408.60 पर बंद हुए थे।
NII में 34.4% का उछाल
सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर ₹2,978 करोड़ हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही (Q2FY26) में ₹2,345 करोड़ था। शुद्ध ब्याज आय में 34.4% की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह ₹5,365 करोड़ पर पहुंच गई, जो पिछले साल ₹3,992 करोड़ थी।
AUM ₹2 लाख करोड़ के पार
30 सितंबर 2026 को समाप्त छमाही (H1) में कंपनी ने कई बड़े मील के पत्थर हासिल किए। कंसोलिडेटेड लोन AUM सालाना आधार पर 42% बढ़कर ₹2,09,317 करोड़ हो गया। वहीं कंसोलिडेटेड PAT 39% की बढ़त के साथ ₹6,103 करोड़ पर पहुंच गया।कंसोलिडेटेड गोल्ड लोन एयूएम 46% बढ़कर ₹1,93,212 करोड़ और स्टैंडअलोन गोल्ड लोन एयूएम 43% बढ़कर ₹1,78,956 करोड़ हो गया।
छमाही के दौरान 5 लाख नए एक्टिव ग्राहक जुड़े, जिससे कुल संख्या 69 लाख (पहले 64 लाख) हो गई। वहीं तिजोरियों में रखा सिक्योरिटी गोल्ड बढ़कर 204 टन (पहले 196 टन) हो गया। साथ ही H1 के दौरान 9,93,900 नए ग्राहकों को ₹20,238 करोड़ के गोल्ड लोन बांटे गए।
गोल्ड लोन ग्रोथ गाइडेंस में 10% का इजाफा
शानदार प्रदर्शन के बाद मुथूट फाइनेंस के मैनेजिंग डायरेक्टर अलेक्जेंडर जॉर्ज मुथूट ने FY27 के लिए अपने गोल्ड लोन ग्रोथ गाइडेंस में अतिरिक्त 10% की बढ़ोतरी कर दी है।
आरबीआई के नए नियमों पर बोलते हुए उन्होंने कहा, ‘1 अप्रैल 2026 से प्रभावी आरबीआई की नई गोल्ड लेंडिंग गाइडलाइन्स हमारे और ग्राहकों के लिए एक लर्निंग कर्व की तरह हैं, जो अगले कुछ तिमाहियों में स्थिर हो जाएंगी।’
सब्सिडियरी कंपनियों का मिला-जुला प्रदर्शन
बेलस्टार माइक्रोफाइनेंस: H1 FY27 में कंपनी ने ₹144 करोड़ का मुनाफा कमाया (H1 FY26 में ₹160 करोड़ का घाटा था)। जीएनपीए 4.58% से सुधरकर 3.26% और NNPA 0.26% से घटकर 0.07% पर आ गया। रिकवरी एफिशिएंसी 99.61% रही।
मुथूट मनी: कंपनी का लोन एयूएम 99% बढ़कर ₹12,716 करोड़ हो गया और शुद्ध मुनाफा 242% उछलकर ₹364 करोड़ पहुंच गया।
मुथूट होमफिन: लोन एयूएम 7% बढ़कर ₹3,460 करोड़ और नेट प्रॉफिट 9% बढ़कर ₹11 करोड़ रहा।
मुथूट मनी के विलय को मंजूरी
तिमाही के दौरान मुथूट फाइनेंस के बोर्ड ने अपनी 100% पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी मुथूट मनी लिमिटेड के मुथूट फाइनेंस लिमिटेड में विलय को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए 1 अप्रैल 2027 की तारीख तय की गई है। इस मर्जर से ग्रुप के ढांचे को सरल बनाने और परिचालन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

