
इंदौर के पोत्दार प्लाजा में मराठी सोशल ग्रुप द्वारा आयोजित जत्रा के पहले दिन ही स्वाद और संस्कृति प्रेमियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने मराठी व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया। रविवार तक लगने वाले जत्रा का समय दोपहर 2 से रात्रि 11 तक है।
जत्रा का औपचारिक शुभारंभ हॉप टेक्सटाइल्स लिमिटेड के सीईओ कांतिलाल बम, नाना महाराज संस्थान के प्रमुख डॉ बाबा साहेब तराणेकर, झोंन अध्यक्ष गजानंद गावड़े, सुरेश टाकळकर सहित अन्य अतिथियों ने किया।
संस्था के सुधीर दांडेकर और राजेश शाह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी इंदौरियों का खूब अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यक्रम पूर्णतः जीरो वेस्ट रहेगा। खाने की प्लेट्स, चम्मच, ग्लास सभी 100 प्रतिशत बायोडिग्रेडेबल मटेरियल से निर्मित कंज्यूमेबल्स का उपयोग किया जा रहा है। जत्रा में गीला कचरा और सूखा कचरा कलेक्शन पॉइंट पर ही सेग्रिगेट किया जाता है। 20 से अधिक कचरा कलेक्शन पॉइंट्स बनाए गए हैं। गीले कचरे को हाथोंहाथ खाद में परिवर्तित कर निगम को दिया जाता है। इतने वृहद आयोजन में जहां एक ही समय में हजारों लोग एक साथ खाने का लुत्फ उठाते हैं, उसके बावजूद परिसर में सफाई व्यवस्था एकदम चाक-चौबंद रही।

संकेता देशकुलकर्णी एवं सुप्रिया पुंडलिक ने बताया कि हैंडीक्राफ्ट झोंन में तोरण, दीपावली साज सज्जा का सामान, क्रोचेट, माहेश्वरी साड़ियां, कच्छ भुज की अजरख, मोडाल, बाँधणी साड़ियां और ड्रेस मटेरियल, हैंड मेड कुकीज़, चॉकलेट, ज्वेलरी, मिलेट्स आदि सामाग्री जत्रा स्पेशल ऑफर के साथ उपलब्ध है। हर्षवर्धन लिखिते के अनुसार, महाराष्ट्र के प्रसिद्ध दर्शन साटम द्वारा संचालित कला रंजना ग्रुप लावणी की प्रस्तुति दी गई।
फूड जोन की तृप्ति महाजन और सुमेधा बावकर ने बताया कि सुबह से ही स्वाद प्रेमियों का आना शुरू हो गया था। फूड झोन में प्रथम पुरस्कार नेहा मोदक की गुळाची पोळी को मिला। द्वितीय पुरस्कार नेहा देशमुख के उकडीचे मोदक को मिला। पियूषा रेघे की मसाला पतौडी रस्सा पोळी ने तीसरा पुरस्कार जीता।
ट्रेड झोंन में सोलर एनर्जी विशेष ऑफर के साथ, दिवाली के व्यंजन, एफएमसीजी गुड्स, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स, कार, और कई प्रकार की सर्विसेस विशेष जत्रा ऑफर के साथ उपलब्ध है।
फोटो : धर्मेंद्र सांगले


