प्रेस्टीज लॉ कॉलेज में अतिरिक्त फीस वसूली के विरोध में अभाविप का आंदोलन चौथा दिन भी विरोध जताया

प्रेस्टीज लॉ कॉलेज में अतिरिक्त फीस वसूली के विरोध में अभाविप का आंदोलन चौथा दिन भी विरोध जताया

Prestige

इंदौर। प्रेस्टीज लॉ महाविद्यालय में निर्धारित शुल्क से लगभग दोगुनी फीस वसूले जाने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, इंदौर महानगर का अनिश्चितकालीन आंदोलन चौथे दिन भी जारी है। लगातार 79 घंटे से धरने पर बैठे अभाविप कार्यकर्ता।

अभाविप का कहना है कि महाविद्यालय में निर्धारित शुल्क से अधिक फीस वसूली का मामला केवल आर्थिक अनियमितता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डालने का विषय भी है। गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले अनेक विद्यार्थी अपनी मेहनत और अभिभावकों के संसाधनों के बल पर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलना उनके लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रहा है।

परिषद ने सवाल उठाया कि जब विद्यार्थियों की फीस से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना महाविद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है, तो अब तक इस विषय पर ठोस और संतोषजनक जवाब क्यों नहीं दिया गया? महाविद्यालय द्वारा दीपावली का बहाना लेकर 6 दिन पूर्व ही अवकाश घोषित कर देना समस्या का समाधान नहीं है। विद्यार्थियों को उनके सवालों का जवाब और अतिरिक्त वसूली गई राशि अगले सेमेस्टर में समायोजित की जानी चाहिए।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की मांग है कि निर्धारित शुल्क से अधिक फीस वसूली तत्काल बंद की जाए, विद्यार्थियों से ली गई अतिरिक्त राशि वापस की जाए तथा महाविद्यालय का संपूर्ण शुल्क विवरण सार्वजनिक किया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।

अभाविप इंदौर महानगर मंत्री कुशल यादव ने कहा कि निरंतर चौथे दिन भी विरोध दर्ज कराया है, क्योंकि महाविद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों की समस्याओं को देखने और सुनने को तैयार नहीं है। विद्यार्थियों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। के 79 घंटे बीत जाने के बाद भी प्रबंधन की ओर से संतोषजनक समाधान सामने नहीं आया है। जब तक विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलता और अतिरिक्त फीस वसूली के मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक अभाविप का अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।