
भारत ने हांगकांग सिक्सेस 2026 में अपने अभियान का समापन जीत के साथ किया जब टीम ने यहां बाउल डिवीजन के प्लेऑफ मुकाबले में बांग्लादेश को पांच विकेट से हराया। भारत ने 117 रन का लक्ष्य मैच की आखिरी गेंद पर हासिल किया।
अफगानिस्तान ने रोमांचक फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर पहली बार हांगकांग सिक्सेस का खिताब अपने नाम किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरे बांग्लादेश ने तूफानी शुरुआत करते हुए पहले ओवर में 24 रन बनाए। हालांकि भारतीय कप्तान कृणाल पंड्या ने अपने दो ओवर के स्पेल में तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की रफ्तार पर अंकुश लगाया। उन्होंने शब्बीर रहमान, एम चौधरी और मोहम्मद रिजवान को आउट किया।
#HongKongSixes #INDvsBAN https://t.co/KJnYGebpKj
— Cricfrenzy.com (@Cricfrenzylive) November 1, 2026
बांग्लादेश के कप्तान अबू हैदर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंद में नाबाद 62 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और आठ छक्के शामिल थे। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश ने छह ओवर में 116 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शशांक सिंह और राहुल त्रिपाठी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। त्रिपाठी ने 12 गेंद में 32 रन बनाए, जबकि शशांक ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए महज 15 गेंद में 50 रन ठोक दिए। उनकी पारी में एक चौका और सात छक्के शामिल थे।
आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 23 रन की जरूरत थी। राहुल तेवतिया और नितीश राणा ने दबाव के बीच संयम बनाए रखा और मैच की अंतिम गेंद पर टीम को जीत दिला दी।इससे पहले भारत को बाउल डिवीजन के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ तीन रन से हार का सामना करना पड़ा था।

