पूर्व CM अरविंद केजरीवाल और बेटी हर्षिता को मिली जान से मारने की धमकी, AAP विधायक के पास आया 7 करोड़ की रंगदारी का फोन

पूर्व CM अरविंद केजरीवाल और बेटी हर्षिता को मिली जान से मारने की धमकी, AAP विधायक के पास आया 7 करोड़ की रंगदारी का फोन

Arvind Kejriwal death threat

Arvind Kejriwal death threat: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले एक शख्स ने आप विधायक जरनैल सिंह को फोन और व्हाट्सएप मैसेज कर 7 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब की मोहाली पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर साइबर क्राइम टीम को जांच सौंप दी है।

 

आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावर ने केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता की हत्या करने की धमकी देते हुए 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। यह धमकी दिल्ली के तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह के मोबाइल नंबर पर कॉल और व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से दी गई है।

विधायक जरनैल सिंह को माध्यम बनाकर दी धमकी

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 6 नवंबर को दिल्ली के तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह के फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताते हुए विदेश में अपने नेटवर्क होने का दावा किया। आरोपी ने विधायक से कहा कि वे अरविंद केजरीवाल तक यह संदेश पहुंचा दें कि यदि 7 करोड़ रुपए नहीं दिए गए, तो केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को जान से मार दिया जाएगा। फोन कॉल के तुरंत बाद आरोपी ने उसी नंबर से व्हाट्सएप पर लिखित संदेश भेजकर भी अपनी मांग और धमकी को दोहराया। व्हाट्सएप पर आरोपी की प्रोफाइल का नाम ‘H’ दिखाई दे रहा था।

साइबर सेल को सौंपी गई जांच

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक जरनैल सिंह ने पंजाब के मोहाली एसएसपी (SSP) को लिखित शिकायत दी और दिल्ली पुलिस को भी इससे अवगत कराया। मोहाली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट (IT Act) की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। पुलिस की तकनीकी टीम धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट प्रोटोकॉल (IP) लॉग और लोकेशन को खंगाल रही है।

परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

धमकी मिलने के बाद विधायक जरनैल सिंह ने प्रशासन से अरविंद केजरीवाल, उनकी बेटी हर्षिता और पूरे परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से और अधिक पुख्ता करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या यह कॉल वाकई किसी अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़ा है या किसी शरारती तत्व ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की है। 

पंजाब के वित्तमंत्री का भाजपा पर आरोप

पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने एक्स पर पोस्ट में आरोप लगाया कि AAP के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने वाले व्यक्ति की फोन कॉल, लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह और BJP शासित राज्य हरियाणा से जुड़ी हैं। यह पंजाब को अस्थिर करने की BJP की एक साजिश है, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। इस गंभीर मामले की गहन जांच के साथ-साथ, मान सरकार पंजाब में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।