AI Investment: 18 महीने एआई को लेकर अहम, लेकिन लटकी है इन 3 मोर्चे पर तलवार

AI Investment: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर दुनियाभर की टेक कंपनियां इस समय डेटा सेंटर, एडवांस्ड चिप्स और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश कर रही हैं। हालांकि अब इस निवेश से वास्तविक कमाई और मुनाफा हासिल करने की क्षमता पर सवाल उठने लगे हैं। गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) की एक रिपोर्ट के मुताबिक अगले 18 महीने एआई इंडस्ट्री के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं। इस दौरान पता चलेगा कि किन कंपनियों का बिजनेस मॉडल टिकाऊ है और किन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक सोशल कैपिटल के फाउंडर और सीईओ Chamath Palihapitiya का कहना है कि एआई में निवेश की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि इसका इस्तेमाल करने वाली कंपनियों को वास्तव में इससे कितना फायदा हो पाता है। उनके मुताबिक फिलहाल ऐसी कंपनियों की संख्या लगभग शून्य है जो एआई के कारण अपनी कमाई या मुनाफे में स्पष्ट रूप से बढ़ोतरी दिखा सकें।

बड़ी टेक कंपनियों की स्थिति बेहतर

सोशल कैपिटल के फाउंडर का कहना है कि 18 महीने में आखिरी नतीजा तो सामने नहीं आएगा लेकिन यह स्पष्ट होने लगेगा कि कौन-से बिजनेस मॉडल टिकाऊ हैं। गोल्डमैन के मुताबिक गूगल (Google) की अल्फाबेट (Alphabet), एमेजॉन (Amazon), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft), मेटा (Meta), ओरेकल (Oracle) और स्पेसएक्स (SpaceX) जैसी छह बड़ी कंपनियां अपने एआई निवेश पर 15% या उससे अधिक रिटर्न हासिल कर सकती हैं।

अभी ये है चुनौती

गोल्डमैन की रिपोर्ट के मुताबिक एआई पर निवेश लगातार बढ़ रहा है। टेक कंपनियां डेटा सेंटर्स, कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और एडवांस्ड चिप्स में भारी पूंजी लगा रही हैं। हालांकि मुख्य सवाल ये है कि क्या कंपनियां इस खर्च को टिकाऊ रेवेन्यू और मुनाफे में बदल पाएंगी।

रिपोर्ट में नियोक्लाउड यानी खास क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर्स के बिजनेस मॉडल को लेकर भी चिंता जताई गई है। ये कंपनियां GPU, बिजली और डेटा सेंटर क्षमता में तगड़ा निवेश कर रही हैं। इनका बिजनेस मॉडल इस बात पर निर्भर करता है कि कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का पर्याप्त इस्तेमाल हो, ताकि रेवेन्यू मिल सके और लॉन्ग टर्म की वित्तीय जिम्मेदारियां पूरी की जा सकें। हालांकि ग्राहकों की तरफ से मांग को लेकर अभी भी काफी अनिश्चितता बनी हुई है।

AI विस्तार के लिए फंडिंग का पहलू भी अब अधिक सेलेक्टिव होता जा रहा है। गोल्डमैन की ग्लोबल हेड (लेवरेज्ड फाइनेंस) मिरियम व्हीलर (Miriam Wheeler) का कहना है कि निवेशक अब प्रोजेक्ट्स, डेवलपर्स, लीज और इसे किराये पर लेने वालों की गुणवत्ता पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने इस ट्रेंड को क्रेडिट क्वालिटी में सुधार के रूप में बताया। मिरियम के मुताबिक जिन डेवलपर्स का कोई ट्रैक रिकॉर्ड नहीं है, जिनके पास इक्विटी कम है, या जिनकी लीज शर्तें कमजोर हैं, उन्हें फंड जुटाने में दिक्कत हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक एक साल में एआई से जुड़ी लगभग 30 डील्स हाई-यील्ड डेट मार्केट में आईं लेकिन सितंबर बीतने के बाद नई डील्स में भारी कमी आई है, और पिछले एक महीने में तो बाजार में कोई नई डील नहीं हुई है।

हालांकि बड़ी कंपनियों को लेकर गोल्डमैन पॉजिटिव है। गोल्डमैन के मुताबिक इन कंपनियों की बैलेंस शीट मजबूत है और उनका बिजनेस पहले से स्थापित है, जो उनके एआई निवेश को सपोर्ट दे सकता है।

गोल्डमैन सैक्स में यूएस इंटरनेट एंड इंटरैक्टिव एंटरटेनमेंट के प्रमुख एनालिस्ट एरिक शेरिडन के मुताबिक तीन बातें-कमजोर मांग, पूंजी की कमी और बिजली की अपर्याप्त उपलब्धता- एआई में निवेश को झटका दे सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इनमें से एक ने भी झटका गिया तो अभी जो हल्की-फुल्की निराशा दिख रही है, वह स्थायी बन जाएगी।

Nvidia Stock Crash: सीईओ Jensen Huang के एक और अफेयर पर शेयर धड़ाम, 9% की गिरावट से मची हलचल

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।