
शहर के सुप्रसिद्ध संस्कृतिकर्मी, मराठी रंगमंच के प्रमुख प्रवर्तक और प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था ‘सानंद’ के अध्यक्ष जयंत भिसे का गुरुवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे और पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में उपचाररत थे। उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार है। उनके निधन पर शहर के जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, रंगकर्मियों और गणमान्य नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
रंगमंच और कला को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया
जयंत भिसे को इंदौर में मराठी रंगमंच और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख स्तंभ माना जाता था। संगीत और नाट्य कला को इंदौर व मध्यप्रदेश के क्षितिज पर स्थापित करने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। विशेष रूप से पिछले 25-30 वर्षों से उन्होंने युवा पीढ़ी को कला और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके द्वारा स्थापित संस्था ‘सानंद’ के माध्यम से शहर में वर्षभर अनवरत सांस्कृतिक और नाट्य आयोजन होते रहे हैं। वर्षभर में सर्वाधिक सांस्कृतिक आयोजन कराने का कीर्तिमान भी इस संस्था के नाम दर्ज है।
महत्वपूर्ण पदों पर दी सेवाएं
कला क्षेत्र में उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं। वे उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह और कला अकादमी के पूर्व निदेशक भी रहे। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा उन्हें भोपाल स्थित प्रतिष्ठित कला केंद्र ‘भारत भवन’ का न्यासी (ट्रस्टी) भी नियुक्त किया गया था।
बैंकिंग से राजनीति तक का सफर
जयंत भिसे ने अपने करियर की शुरुआत बैंकिंग क्षेत्र से की थी। नौकरी छोड़ने के बाद वे सक्रिय राजनीति से भी जुड़े। उनकी गिनती पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के करीबी समर्थकों में होती थी। इसके साथ ही वे कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विधायक उषा ठाकुर के साथ भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे।


