पाकिस्तान सर्दियों में बर्फबारी शुरू होने से पहले जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ कराने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में (PoK) में करीब 80 लॉन्चपैड बनाए गए हैं। इनमें से 60 से ज्यादा जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (LoC) के सामने हैं। इन ठिकानों पर थर्मल सेंसर और एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं। पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की शह पर खुफिया एजेंसी ISI इनका संचालन कर रही है। यहां लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के 4 से 5 आतंकियों को रखा गया है। ये भारतीय सीमा में घुसपैठ का मौका मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद रणनीति बदली ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान के कई बड़े आतंकी ठिकाने तबाह हो गए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने अपनी रणनीति बदल दी। अब बड़े ठिकानों के बजाय छोटे-छोटे लॉन्चपैड बनाए जा रहे हैं। हर लॉन्चपैड पर कम संख्या में आतंकियों को रखा जा रहा है। इससे अगर भारतीय सेना किसी एक ठिकाने पर कार्रवाई करती है, तो पूरे आतंकी नेटवर्क को एक साथ नुकसान नहीं पहुंचेगा। छोटे ठिकाने होने से उनका पता लगाना भी मुश्किल हो सकता है। थर्मल सेंसर और एंटी-ड्रोन सिस्टम से निगरानी PoK में बनाए गए लॉन्चपैड पर थर्मल सेंसर और एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं। थर्मल सेंसर की मदद से अंधेरे और खराब मौसम में भी इंसानों की मौजूदगी का पता लगाया जा सकता है। वहीं, एंटी-ड्रोन सिस्टम का इस्तेमाल निगरानी के लिए आने वाले ड्रोन का पता लगाने और उन्हें रोकने के लिए किया जाता है। इन उपकरणों के जरिए आतंकी ठिकानों की सुरक्षा बढ़ाने की कोशिश की गई है। खासतौर पर सर्दियों में बर्फबारी के दौरान घुसपैठ की योजना को ध्यान में रखकर ये इंतजाम किए गए हैं। हाफिज सईद रावलपिंडी और मसूद अजहर नवाबशाह शिफ्ट ISI ने लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद और जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को भी सुरक्षित ठिकानों पर भेजा है। पिछले एक हफ्ते में दोनों को उनके पुराने ठिकानों से दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। हाफिज सईद को लाहौर के जोहर इलाके से रावलपिंडी के गैरिसन ग्राउंड में भेजा गया है। वहीं, मसूद अजहर को सिंध प्रांत के नवाबशाह स्थित सेफ हाउस में रखा गया है। ऑडियो मैसेज से लश्कर के लोगों के संपर्क में हाफिज पाकिस्तान का दावा है कि हाफिज सईद आतंकी फंडिंग के मामलों में लाहौर की कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है। हालांकि, खुफिया सूत्रों का दावा है कि वह जेल के बजाय ISI के सेफ हाउस में रह रहा है। उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने-जाने पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं। अब वह लश्कर के सदस्यों से सीधे मुलाकात करने के बजाय ऑडियो मैसेज के जरिए संपर्क करता है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद कमजोर पड़ा जैश का नेटवर्क ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद के मरकज को काफी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद संगठन का नेटवर्क कमजोर हुआ है। गुर्दों की बीमारी से जूझ रहे मसूद अजहर की सक्रियता भी पहले के मुकाबले कम बताई जा रही है। मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र (UN) ने वैश्विक आतंकवादी घोषित कर रखा है। वहीं, हाफिज सईद भी भारत में कई आतंकी हमलों के मामलों में वांछित है।
Latest News

