अमेरिका में एयर इमरजेंसी, पूरे देश में फ्लाइट्स पर रोक:FAA बोला- कम्युनिकेशन सिस्टम में दिक्कत थी; 9/11 के बाद दूसरी बार ऐसा हुआ

अमेरिका में शुक्रवार को अचानक पूरे देश में उड़ानों पर रोक लगा दी गई। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में गड़बड़ी के बाद सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया। इस गड़बड़ी के कारण अमेरिका में करीब 7,000 उड़ानों में देरी हुई या उन्हें रद्द करना पड़ा। इससे न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन और कैलिफोर्निया समेत कई शहरों के एयरपोर्ट पर यात्री फंस गए। अमेरिका के ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी सीन डफी ने बताया कि देश के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में कम्युनिकेशन से जुड़ी परेशानी आई है। टेक्नीशियन इसे ठीक करने में जुटे हैं। FAA के मुताबिक, टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में अचानक गड़बड़ी आई थी। इस वजह से विमानों की आवाजाही पर रोक लगाई गई। अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमले 9/11 के बाद यह दूसरी बार है, जब देशभर में सभी उड़ानों पर रोक लगाई गई है। इससे पहले जनवरी 2023 में FAA के मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में खराबी आने पर भी उड़ानें रोकी गई थीं। उड़ानें रोके जाने के बाद का हाल… शिकागो से हुई उड़ानें रोकने की शुरुआत रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्राउंड स्टॉप अचानक पूरे देश में नहीं लगा। पहले शिकागो के ओ’हेयर और मिडवे एयरपोर्ट पर लगाया गया था, क्योंकि वहां कम्युनिकेशन में दिक्कत आ रही थी। जब दिक्कत पूरे देश के सेंटरों में फैल गई, तो शाम करीब 3:54 बजे (भारतीय समय के अनुसार रात 1:24 बजे) पर पूरे देश का ग्राउंड स्टॉप लगा दिया गया। FAA के एडवाइजरी में लिखा है- ग्राउंड स्टॉप रात 11:30 बजे तक रहेगा। लेकिन साथ में ये भी लिखा है- अगले आदेश तक। मतलब 11:30 बजे ही उड़ानें शुरू हो जाएंगी, इसकी गारंटी नहीं है। मौजूदा स्थिति में जो फ्लाइट हवा में हैं, वो लैंड कर सकती हैं, उन्हें वापस नहीं बुलाया गया। जो फ्लाइट जमीन पर हैं, वो टेकऑफ नहीं कर सकतीं। इसके अलावा इंटरनेशनल फ्लाइट्स जो अमेरिका आ रही हैं, उन्हें केस-बाय-केस देखा जाएगा। नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम लगा उड़ानें फिर से कब शुरू होंगी, इसके बारे में अभी कोई डेडलाइन नहीं दी गई है। मुलिन ने कहा कि यह पता लगा रहे हैं कि क्या इसका कनेक्शन पूरे देश में लागू किए जा रहे उस नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम से है, जिसे समस्याओं की पहचान करने और विमानों का रूट बदलने में मदद के लिए लाया गया है। हालांकि, यह सिस्टम वाशिंगटन डीसी के पास एक ही जगह से काम करता है और एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों को केवल सुझाव (रिकमेंडेशन) भेजता है। पिछले साल कांग्रेस से इस प्रोजेक्ट के लिए 12.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर की मंजूरी दिए जाने के बाद से, सरकार एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स की इस्तेमाल की जाने वाली पुरानी तकनीक को बदलने का काम कर रही है। अमेरिका में एयरपोर्ट्स पर मीलों लंबी पुरानी कॉपर की वायरिंग की जगह फाइबर ऑप्टिक लाइनें लगाई गई हैं और पुराने रेडियो सिस्टम को धीरे-धीरे बदला जा रहा है।
लेकिन अभी भी बहुत काम बाकी है। एक्सपर्ट बोले- सितंबर में भी ऐसा हुआ था एविएशन सेफ्टी एक्सपर्ट स्टीव अरोयो, जो पहले यूनाइटेड एयरलाइंस के पायलट थे, उन्होंने कहा- “ये समस्या सितंबर में नॉर्थईस्ट में हुए रीजनल कम्युनिकेशन आउटेज जैसी ही लग रही है, जिसने सैकड़ों फ्लाइट्स को फंसा दिया था। बस इस बार ये पूरे देश में हुआ है। ये पुरानी टेक्नोलॉजी से जुड़ा हो सकता है। अगर आप पायलट से बात नहीं कर सकते, तो आपको प्लेन को जमीन पर ही रोकना होगा। उन्हें हवा में नहीं डाल सकते जहां आप उनसे बात ही नहीं कर पाएंगे।”