बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी फिल्मों की वजह से नहीं, बल्कि एक भावुक कर देने वाले वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। शाहरुख खान और ऋतिक रोशन जैसे सितारों के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके अभिनेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह अपने चार पालतू कुत्तों को विदाई देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में अभिनेता काफी भावुक दिखाई दे रहे हैं। इसे देखकर उनके प्रशंसक उनकी सेहत और निजी परिस्थितियों को लेकर चिंता जता रहे हैं। हालांकि, पशु कल्याण कार्यकर्ता हेमा चौधरी ने स्पष्ट किया है कि शरद कपूर ने अपने कुत्तों को छोड़ा नहीं है, बल्कि उन्हें अस्थायी रूप से पशु कल्याण केंद्र भेजा गया है।

कुत्तों को विदा करते हुए छलके शरद कपूर के आंसू
वायरल वीडियो में शरद कपूर अपने चारों पालतू कुत्तों को पशु कल्याण केंद्र ले जाते समय भावुक नजर आ रहे हैं। उन्हें विदा करते हुए अभिनेता अपने आंसू रोकने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। इस दौरान उनका चेहरा काफी उदास नजर आता है।
फिल्म ‘जोश’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके शरद कपूर को इस हालत में देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स हैरान रह गए। कभी अपनी फिटनेस और लुक्स के लिए चर्चा में रहने वाले अभिनेता का मौजूदा वीडियो देखकर प्रशंसकों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की है।
आखिर क्यों कुत्तों से अलग हुए अभिनेता?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घर की मौजूदा परिस्थितियों के कारण शरद कपूर के लिए अपने चारों पालतू कुत्तों की देखभाल करना मुश्किल हो रहा था। पशु कल्याण कार्यकर्ता हेमा चौधरी के अनुसार, अभिनेता कुछ शारीरिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और उन्हें खुद भी देखभाल की जरूरत है।
इसके अलावा उनके परिवार में हाल ही में एक नवजात बच्चे का आगमन हुआ है। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि घर में नियमित रूप से देखभाल करने वाला कोई व्यक्ति उपलब्ध नहीं होने के कारण चार पालतू कुत्तों की देखभाल करना कठिन हो गया था। इसी वजह से उन्हें कुछ समय के लिए पशु कल्याण केंद्र भेजने का फैसला किया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर अभिनेता के प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने और परिवार की परिस्थितियां बेहतर होने की कामना कर रहे हैं।


