मध्य प्रदेश से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां पर सफेद रसगुल्ले जैसी दिखने वाली चीज खाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। दरअसल, व्यक्ति ने उसे मिठाई समझकर खाने की कोशिश की, लेकिन वह असल में देसी बम था। मुंह में जाते ही उसमें जोरदार धमाका हुआ। इससे परिवार और आसपास रहने वाले लोग दहशत में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विस्फोटक घर तक कैसे पहुंचा और वहां किसने रखा था।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि, पीड़ित को अपने सामान के पास एक गोल और सफेद रंग की चीज पड़ी मिली थी। उसका आकार और रंग बंगाली मिठाई जैसा था। व्यक्ति उसे खाने की चीज समझ बैठा और बिना कुछ सोचे उठा लिया। लेकिन, उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह सफेद कपड़े में लिपटा हुआ देसी बम था। जैसे ही व्यक्ति ने उस चीज को दबाया, उसमें जोरदार धमाका हो गया। जिसके बाद ये दर्दनाक हादसा हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि उसके चेहरे, जबड़े और शरीर के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोटें आईं। धमाके में वह बुरी तरह घायल हो गया और अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं।
जानें क्या है सुअर मार बम
धमाके की आवाज सुनकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने जांच के लिए विस्फोटक के नमूने जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को शुरुआती जांच में शक कि यह विस्फोटक एक देसी बम था, जिसे ग्रामीण इलाकों में सुअर मार बम के नाम से जाना जाता है। इसका इस्तेमाल कुछ लोग जंगली सूअरों को मारने और खेतों को जानवरों से बचाने के लिए करते हैं। ऐसे बम अक्सर आटे, चरबी या सफेद कागज में लपेटकर रखे जाते हैं, जिससे वे बाहर से सफेद और गोल दिखाई देते हैं। इसी वजह से व्यक्ति इसे मिठाई समझ बैठा और अनजाने में अपनी जान गंवा दी।
पुलिस ने शुरू कर दी जांच
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की टीम गांव के लोगों और मृतक के परिचितों से पूछताछ कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि देसी बम किसने बनाया और वह घर तक कैसे पहुंचा। साथ ही, पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं कोई संदिग्ध या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो उसे छूने के बजाय तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।

