असम के काजीरंगा में बस-ट्रक की टक्कर में 12 लोगों की मौत

असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास शुक्रवार को एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 12 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज स्थित हाथीकुली चाय बागान के पास रंगाजान में बस की ट्रक से टक्कर हो गई।

उन्होंने कहा हमें अस्पताल से सूचना मिली है कि 12 लोगों की मौत हो गई है। कई अन्य लोगों को कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं थीं। उन्होंने कहा कि उनमें से कई कॉलेज के छात्र थे, जो कक्षाएं खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि मिनी बस जोरहाट से नगांव जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक ऊपरी असम की ओर जा रहा था।

Also Read : ओला पर उपभोक्ता विभाग की एजेंसी ने लगाया 10 लाख रु. का जुर्माना

इससे पहले, गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राहत एवं बचाव अभियान में जुटे लोगों की मदद के लिए सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

उन्होंने कहा कि बस में सवार लोगों की सही संख्या का तत्काल पता नहीं चल पाया है, लेकिन खबरों के मुताबिक बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे।असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं स्थानीय विधायक अतुल बोरा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल अधिकतर लोगों को जोरहाट चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल भेज दिया गया।

उन्होंने कहा उद्यान के पास लागू गति प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए बस बहुत तेज गति से जा रही थी। हमारा मानना है कि यह दुर्घटना तब हुई, जब मिनीबस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह कंटेनर ट्रक से जा टकराई।

Pic Credit : UNI