नाराज विधायकों की मांग नहीं मानेंगे फारूक

श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने अपनी पार्टी के नाराज विधायकों की ज्यादातर मांगों को खारिज कर दिया है। साथ ही यह दावा भी किया है कि उनकी पार्टी नहीं टूटेगी। गौरतलब है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के 25 विधायकों ने एक गुट बना लिया है और उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने कई मांगें रखीं हैं। इस पर शुक्रवार को श्रीनगर में फारूक अब्दुल्ला के घर बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे।

नाराज विधायको ने ने राज्य के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को पद से हटाने या उनसे सड़क व भवन निर्माण विभाग वापस लेने की मांग की है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री यह मांग स्वीकार कर सकते हैं। चौधरी से सड़क व भवन निर्माण विभाग लिया जा सकता है। हालांकि, उन्हें पद से हटाने पर सहमति नहीं बनी है। फारूक और उमर ने कैबिनेट में फेरबदल और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर सोगमी को हटाने की मांग भी खारिज कर दी है।

बैठक के बाद फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस कभी नहीं टूटेगी। उन्होंने विधायकों के साथ बैठक के बाद कहा, ‘मैंने विधायकों की शिकायतें सुनी हैं, हम उन पर काम करेंगे। कुछ का समाधान तुरंत होगा, तो कुछ का धीरे धीरे होगा’। वहीं नाराज विधायकों के नेता नजीर गुरेजी ने कहा, ‘हमने पार्टी लीडरशिप के सामने अपनी शिकायतें रखी हैं, उन पर जल्द ध्यान दिया जाएगा’। इससे पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस के श्रीनगर से सांसद आगा रूहुल्लाह मेहंदी ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने लोकसभा से भी इस्तीफा दे दिया है।