लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका: रोहित शेट्टी के घर फायरिंग कराने वाला गैंगस्टर हैरी बॉक्सर हिरासत में

लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका: रोहित शेट्टी के घर फायरिंग कराने वाला गैंगस्टर हैरी बॉक्सर हिरासत में

लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट के लिए विदेश से आपराधिक साम्राज्य चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिकी अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, वह काफी समय से अमेरिका में बैठकर भारत विरोधी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था और बॉलीवुड हस्तियों को लगातार निशाना बना रहा था।

 

हैरी बॉक्सर ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकियां दी थीं। उसके खिलाफ हत्या और धमकी देकर रंगदारी मांगने समेत कई मामले दर्ज हैं।

 

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी

गैंगस्टर हैरी बॉक्सर का नाम तब सबसे ज्यादा सुर्खियों में आया था, जब उसने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई अंधाधुंध गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर कई भड़काऊ पोस्ट और ऑडियो संदेश जारी कर बॉलीवुड की कई अन्य बड़ी हस्तियों को भी खुलेआम धमकियां दी थीं। उसके खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में हत्या, हत्या का प्रयास और रंगदारी मांगने (एक्सटॉर्शन) जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

 

हरि चंद जाट के हैरी बॉक्सर बनने की कहानी

खूफिया और सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर रहे हैरी बॉक्सर का असली नाम हरि चंद जाट है। मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के नारायणपुर का रहने वाला हरि चंद कभी बॉक्सिंग की ट्रेनिंग लेता था और जयपुर में बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम कर चुका है। खेल की दुनिया से निकलकर वह अपराध की दुनिया में उतरा और धीरे-धीरे जुर्म की सीढ़ियां चढ़ते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बेहद करीब पहुंच गया।
 

साल 2022 से चल रहा था फरार

जांच एजेंसियों के मुताबिक, हैरी बॉक्सर साल 2022 से ही कानून की नजरों से बचकर फरार चल रहा था। उसके अमेरिका में छिपे होने और वहीं से गैंग के गुर्गों को निर्देश देने की पुख्ता आशंका थी। राजस्थान, पंजाब और दिल्ली पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। उस पर लूटपाट, डकैती, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे कई जघन्य अपराध दर्ज हैं। अमेरिकी एजेंसियों द्वारा उसकी हिरासत में लिए जाने के बाद अब भारत की सुरक्षा एजेंसियों के लिए उसे प्रत्यर्पित कराकर देश लाने का रास्ता साफ हो सकता है।