
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार देर रात एक रहस्यमयी जोरदार धमाका हुआ। इस विस्फोट से पुलिस चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और अंदर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त चौकी में ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस धमाके में एक डिलीवरी बॉय घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चौकी के अंदर बिखरा दिखा कांच
धमाके के बाद सामने आए पुलिस चौकी के अंदर के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विस्फ़ोट की तीव्रता इतनी थी कि चौकी की खिड़कियां पूरी तरह चकनाचूर हो गईं और फर्श पर चारों तरफ कांच के टुकड़े फैल गए। पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस मामले की हर एंगल से गहनता से जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल सीपी राज करण नायर, इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और सबूत जुटाए।
#गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने की वसुंधरा चौकी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुए धमाके से दो अलग-अलग कमरों में लगी दो खिड़कियां टूट गई, जबकि दीवार में भी दरार आ गई। धमाका इतना तेज था कि चौकी परिसर में अफरा तफरी मच गई। #Ghaziabad #up #Ghaziabadblast https://t.co/xrey444eDv
— Journalist Ravendra kumar (@Chhotukingoffi1) November 7, 2026
क्या बोले अधिकारी?
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, “विस्फोट किस चीज से हुआ और इसके पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगा। घटना के वक्त चौकी के अंदर एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद था, जो वहां कोई सामान देने आया था। इस धमाके में कांच के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है।”


