Hanuman Ansh OTT Release: नीम करौली बाबा पर बनी बायोपिक ‘हनुमान अंश’, जिसे 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था। फिल्म ने दुनिया भर में 452.86 करोड़ रुपये की कमाई की है – अब OTT पर आने के लिए तैयार है। यह फिल्म 27 नवंबर से सोनी लिव (Sony LIV) पर स्ट्रीम होगी।
फिल्म के अधिकारों को लेकर विवाद के बीच ‘हनुमान अंश’ के निर्माताओं ने जारी किया नोटिस
इस बात को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि फिल्म का प्रतिनिधित्व कौन कर सकता है और इसके कामकाज को कौन संभाल सकता है। इसी बीच टीम के दो सदस्यों ने एक आधिकारिक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। नम्रता जी सिंह और निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने ‘स्वंभू मीडिया नेटवर्क’ के माध्यम से एक संयुक्त बयान जारी किया है।
इसमें फिल्म के अधिकारों वितरण प्रक्रिया और बातचीत की व्यवस्थाओं के बारे में बताया गया है। उन्होंने खुद को कंपनी का ‘एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर’ (कार्यकारी निदेशक) घोषित किया है और यह स्पष्ट किया है कि फिल्म की पब्लिसिटी, मार्केटिंग, अवार्ड्स और पार्टनरशिप को संभालने के लिए कौन अधिकृत है।
सोमवार 2 नवंबर को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए बयान में कहा गया है कि “हनुमान अंश का केवल एक अधिकृत (ऑथराइज्ड) चैनल है।” इसमें उन खबरों का भी जिक्र है, जिनमें कुछ लोग फिल्म के अधिकारों (राइट्स) से जुड़े मामलों को संभालने का दावा कर रहे हैं।
बयान में कहा गया है- “कंपनी को जानकारी है कि कोई व्यक्ति खुद को फिल्म के अधिकारों से जुड़े मामलों को संभालने के लिए अधिकृत बता रहा है। किसी भी व्यक्ति के पास ऐसा कोई अधिकार नहीं है।” इसमें आगे स्पष्ट किया गया है कि फिल्म के थिएट्रिकल, स्ट्रीमिंग, ब्रॉडकास्ट, म्यूजिक, गेमिंग और लाइसेंसिंग अधिकार – चाहे भारत में हों या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर – निर्माताओं के बीच हुए समझौतों के अनुसार ही संभाले जाएंगे। कंपनी की ओर से पब्लिक रिलेशंस, मार्केटिंग, अवॉर्ड्स और पार्टनरशिप को संभालने की जिम्मेदारी नम्रता और विशाल को दी गई है।
बयान में फिल्म से जुड़े किसी भी तरह के स्वतंत्र लेन-देन या सौदे के खिलाफ चेतावनी भी दी गई है। “किसी भी व्यक्ति या पक्ष को अकेले फिल्म से जुड़े मामलों में कोई अधिकार नहीं है। ऐसा कोई भी लेन-देन अमान्य होगा और कंपनी या निर्माताओं पर बाध्यकारी नहीं होगा। इस प्रक्रिया से बाहर किया गया कोई भी दावा, अवॉर्ड से जुड़ा बयान या व्यावसायिक समझौता कंपनी को मान्य नहीं होगा।”
निर्माताओं ने कास्ट और क्रू सदस्यों से यह भी कहा है कि वे फिल्म के बारे में बात करने से पहले या इंटरव्यू, पॉडकास्ट, सार्वजनिक कार्यक्रमों, प्रचार आयोजनों और अन्य मंचों पर फिल्म का प्रतिनिधित्व करने से पहले आधिकारिक कम्युनिकेशन टीम से संपर्क करें।
अंत में बयान में यह स्पष्ट किया गया है कि फिल्म के क्रेडिट्स वही रहेंगे जो इसके आधिकारिक क्रेडिट्स में बताए गए हैं। इसमें वितरकों, अंतरराष्ट्रीय सेल्स एजेंटों, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्मों और उद्योग के अन्य साझेदारों से भी कहा गया है कि वे किसी भी व्यावसायिक बातचीत के लिए अधिकृत प्रतिनिधियों से संपर्क करें।
हालांकि इस नोट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि फिल्म के चार निर्माता हैं – नम्रता जी सिंह, डॉ. विशाल चतुर्वेदी, रागिनी सोना और अनुप्रिया नागर – और इसके अधिकार संयुक्त रूप से इन्हीं के पास हैं। इसमें आगे कहा गया है प्रोडक्शन एग्रीमेंट के तहत, भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार, पुरस्कार, साझेदारी और अधिकारों से जुड़े फैसलों के लिए चारों निर्माताओं की सहमति जरूरी है, और ये सभी फैसले कंपनी के अधिकृत चैनल के माध्यम से ही लिए जाएंगे।
यह सार्वजनिक सूचना ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) की टीम के भीतर मतभेदों की खबरें सामने आने के कुछ हफ्तों बाद आई है। खबरों के अनुसार, फिल्म के प्रचार को लेकर कुछ मतभेद थे, क्योंकि ऐसी चिंताएं थीं कि एक निर्माता को बाकी निर्माताओं की तुलना में ज्यादा तवज्जो मिल रही थी।
फिल्म की 21 वर्षीय प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर, इसके प्रचार अभियान के दौरान मुख्य चेहरों में से एक रही हैं। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के साथ एक बातचीत में, उन्होंने बताया कि वह इस प्रोजेक्ट से तब जुड़ीं जब यह पहले से ही पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में था। उन्होंने ‘हनुमान अंश’ के एक ट्रिलॉजी (तीन फिल्मों की सीरीज) बनने की संभावना पर भी चर्चा की और संकेत दिया कि इसकी दूसरी किस्त के लिए पूरी टीम फिर से एक साथ आ सकती है।
हालांकि इस प्रस्तावित ट्रिलॉजी का भविष्य अभी भी स्पष्ट नहीं है। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के सूत्रों के अनुसार, अब प्रोड्यूसर्स नीम करौली बाबा की कहानी को अलग से और अपने तरीके से पेश करने का विकल्प चुन सकते हैं। अनुप्रिया ने फिल्म बनाने के अपने अनुभवों पर एक किताब लिखने और अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस शुरू करने के बारे में भी बात की ताकि वह ऐसी कहानियाँ सुना सकें जो उनके दिल के करीब हैं।
‘हनुमान अंश’ के बारे में
डॉ. विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित ‘हनुमान अंश’ एक जीवनी पर आधारित भक्तिपूर्ण ड्रामा है। यह फिल्म उनकी किताब ‘डिवाइन डिटूर दैट चेंज्ड माय लाइफ’ पर आधारित है, जिसमें नीम करौली बाबा के जीवन का वर्णन है। फिल्म में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं।

