
क्रांतिधरा मेरठ के आसमान में 19 और 20 सितंबर को ऐसा नजारा दिखाई देगा, जिसे शहरवासी लंबे समय तक याद रखेंगे। भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम पहली बार मेरठ में अपने रोमांचक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेगी। मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में होने वाले एयर शो में नौ हॉक एमके-132 विमान एक साथ आसमान में उड़ान भरेंगे और सटीक तालमेल के साथ विभिन्न एरोबैटिक फॉर्मेशन बनाएंगे।
एयर शो के दौरान आसमान में विमानों की तेज रफ्तार, सटीक टाइमिंग और बेहद कम अंतर पर होने वाली सामूहिक उड़ान दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। हॉक विमान लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैनूवर समेत कई रोमांचक करतब दिखाएंगे। विमानों की कलाबाजियों के साथ आसमान में बनती आकृतियां दर्शकों को रोमांच से भर देंगी।
मेरठ के तीन सपूत दिखाएंगे हवाई शौर्य
मेरठ में होने वाले इस एयर शो की खासियत सिर्फ सूर्य किरण का प्रदर्शन ही नहीं है। टीम में मेरठ से जुड़े तीन स्क्वाड्रन लीडर भी शामिल हैं। स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल सूर्य किरण एरोबैटिक टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में जब ये अधिकारी मेरठ के आसमान में अपने साथियों के साथ करतब दिखाएंगे, तो शहर के लोगों के लिए यह विशेष गौरव का क्षण होगा।
आसमान में नजर आएगा तिरंगे का रंग
एयर शो के दौरान आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरें भी नजर आएंगी। हॉक विमानों में नासिक स्थित वायुसेना के बेस रिपेयर डिपो में विकसित स्वदेशी स्मोक पॉड्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इनसे निकलने वाले रंगीन धुएं के जरिए सूर्य किरण के विमान आसमान में तिरंगे की छटा बिखेरेंगे।
दर्शकों के लिए तैयारियां तेज
एयर शो को देखने आने वाले लोगों के लिए न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। दर्शकों के बैठने के लिए खुले पंडाल की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही प्रवेश मार्ग, खान-पान, वीआईपी और वीवीआईपी व्यवस्था, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन एयर शो के दौरान दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।
13 मई को भेजा था प्रस्ताव, 8 सितंबर को मिली मंजूरी
राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि मेरठ में एयर शो आयोजित कराने का प्रस्ताव उन्होंने 13 मई को भेजा था। इस प्रस्ताव को आठ सितंबर को मंजूरी मिली। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम का यह दूसरा एयर शो होगा। इससे पहले टीम लखनऊ में प्रदर्शन कर चुकी है। डॉ. वाजपेयी ने कहा कि सूर्य किरण टीम में मेरठ से जुड़े तीन स्क्वाड्रन लीडरों का शामिल होना शहर के लिए विशेष गौरव की बात है।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन की ओर से एयर शो के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। 19 और 20 सितंबर को मेरठ का आसमान सूर्य किरण के नौ हॉक विमानों की कलाबाजियों और तिरंगे के रंगों से सजेगा। पहली बार शहर में होने वाला यह एयर शो मेरठवासियों के लिए रोमांच और गौरव का यादगार संगम बनने जा रहा है।


