मां की हत्या का राज खोलने के लिए बेटे का नार्को टेस्ट कराना चाहती थी पुलिस, अदालत ने नहीं दी अनुमति

Kanpur News :कानपुर के केशवपुरम में 58 वर्षीय उमा कुशवाहा की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस हर संभव कोशिश कर रही है, लेकिन दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। करीब 25 लाख रुपये के जेवर और नकदी लूटकर हत्या किए जाने की आशंका के बीच पुलिस ने चार दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ की। आसपास के दो किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन जांच किसी नतीजे तक नहीं पहुंची। इसी बीच परिवार के सदस्यों पर संदेह के आधार पर पुलिस मृतका के बड़े बेटे का नार्को टेस्ट कराना चाहती थी। इसके लिए न्यायालय से अनुमति मांगी गई, लेकिन बेटे के स्पष्ट इन्कार के बाद अदालत ने पुलिस का प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया। अब पुलिस के सामने उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर हत्याकांड का पर्दाफाश करने की चुनौती है।