Mahanadi Coalfields IPO: सरकारी कंपनी महानदी कोलफील्ड्स का IPO अगले हफ्ते 19 नवंबर को खुलेगा। यह देश की सबसे बड़ी कोयला खनन कंपनी Coal India की सब्सिडियरी है। अगले हफ्ते खुलने वाला यह दूसरा मेनबोर्ड IPO होगा। इसी दिन Crystal Crop Protection का इश्यू भी निवेश के लिए उपलब्ध होगा।
9,500 करोड़ रुपये का IPO
महानदी कोलफील्ड्स का IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। IPO का संभावित आकार करीब 9,500 करोड़ रुपये है। इसके तहत 66.18 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे। यह कंपनी की कुल पेड-अप इक्विटी पूंजी का 10% है।
इन शेयरों की बिक्री प्रमोटर कोल इंडिया करेगी। इसलिए इश्यू से मिलने वाली रकम कोल इंडिया के पास जाएगी। महानदी कोलफील्ड्स को इससे कोई पैसा नहीं मिलेगा।
IPO की अहम तारीखें
महानदी कोलफील्ड्स IPO के लिए एंकर बुक 18 नवंबर को खुलेगी। इसमें संस्थागत निवेशक हिस्सा ले सकेंगे। आम निवेशकों के लिए इश्यू 19 से 23 नवंबर तक खुला रहेगा। शेयरों का अलॉटमेंट 25 नवंबर को फाइनल होने की संभावना है। वहीं, कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 27 नवंबर को हो सकती है।
निवेशकों के लिए शेयर रिजर्व
Coal India के कर्मचारियों के लिए 3.3 करोड़ शेयर यानी इश्यू का 5% हिस्सा रिजर्व रखा गया है। वहीं, Coal India के शेयरधारकों के लिए 6.61 करोड़ शेयर यानी 10% हिस्सा तय किया गया है। बाकी नेट इश्यू में से 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स, 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों और 35% रिटेल निवेशकों के लिए होगा।
महानदी कोलफील्ड्स आईपीओ का GMP
अभी तक महानदी कोलफील्ड्स के आईपीओ का प्राइस बैंड तय नहीं हुआ है। प्राइस बैंड का ऐलान 16 नवंबर को होने की उम्मीद है। हालांकि, ग्रे मार्केट में इसके अनलिस्टेड शेयरों को ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिल रहा है। इनवेस्टरगेन के मुताबिक, इसका GMP फिलहाल 8 रुपये है।
महानदी कोलफील्ड्स का कारोबार
महानदी कोलफील्ड्स की शुरुआत अप्रैल 1992 में हुई थी। कंपनी ओडिशा के तालचर और इब वैली कोयला क्षेत्रों में काम करती है। इन दोनों क्षेत्रों में करीब 106.76 अरब टन कोयला संसाधन होने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने Coal India के कुल उत्पादन में 28.4% योगदान दिया था।
मुनाफे और रेवेन्यू में बढ़ोतरी
सितंबर 2026 तक छह महीनों में महानदी कोलफील्ड्स का मुनाफा सालाना आधार पर 6.7% बढ़कर 4,880.7 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू 9.3% बढ़कर 16,093 करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि, पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में मुनाफा 1.2% घटकर 10,698.1 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 2.6% गिरकर 30,549.6 करोड़ रुपये रहा।
7 बातें, चेक करें ₹455 करोड़ के IPO में निवेश से पहले, ग्रे मार्केट में गिरी सेहत

