
INDvsNZ भारत ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रविवार को न्यूजीलैंड को 22 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 3-1 से जीती।भारतीय बल्लेबाजों ने लगातार दूसरे मैच में निराशाजनक प्रदर्शन किया और उसकी टीम पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद 42.1 ओवर में 209 रन पर सिमट गई।
भारतीय गेंदबाजों ने हालांकि अच्छा प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड को 48.1 ओवर में 187 रन पर ढेर कर दिया। भारत ने पहले दोनों मैच जीते थे जबकि न्यूजीलैंड चौथा मैच जीतने में सफल रहा था। श्रृंखला का तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।
भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी का शानदार नमूना पेश करते हुए न्यूजीलैंड के किसी भी बल्लेबाज को अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदलने दिया। अर्शदीप सिंह ने 30 रन देकर तीन, मोहम्मद सिराज ने 50 रन देकर दो और अक्षर पटेल ने 28 रन देकर दो विकेट लिए।
इस दौरे में अपना पहला मैच खेल रहे सिराज ने टिम सीफर्ट (14) को मिड ऑन पर आसान कैच देने के लिए मजबूर किया। लेकिन पिछले मैच में शतक जड़ने वाले विल यंग (22) और निक केली (24) ने अगले 11 ओवर तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। इस दौरान इन दोनों ने 38 रन जोड़े।
अर्शदीप ने इन दोनों को आउट किया जबकि सिराज ने फिन एलन को आते ही पवेलियन भेजकर भारत की उम्मीद जगा दी। इस बीच अगर विराट कोहली ने अर्शदीप की गेंद पर दूसरी स्लिप में डीन फॉक्सक्रॉफ्ट का कैच नहीं छोड़ा होता तो न्यूजीलैंड की स्थिति और खराब हो जाती।
अर्शदीप ने यंग को बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच आउट करवाया। रुतुराज गायकवाड़ ने उनका शानदार कैच लिया। इसके बाद उनकी गेंद केली के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों में समा गई। सिराज ने एलन (01) का ऑफ स्टंप थर्राया जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 64 रन से चार विकेट पर 83 रन हो गया।
श्रेयस अय्यर ने अपने तेज गेंदबाजों पर भरोसा रखा और इसके सकारात्मक परिणाम भी दिखे। जब फॉक्सक्रॉफ्ट (31) और माइकल ब्रेसवेल (19) की जोड़ी खतरनाक नजर आ रही थी तब लगातार गेंदों पर इन दोनों के विकेट गंवाने से न्यूजीलैंड संकट में पड़ गया।
A clinical display on the field sees India seal the ODI series 3-1 against New Zealand : https://t.co/iIOBCbkC4j https://t.co/LZhmAv2LEb
— ICC (@ICC) November 15, 2026
आकिब नबी ने ब्रेसवेल को शार्ट पिच गेंद पर चकमा दिया जबकि पदार्पण कर रहे यश ठाकुर ने फॉक्सक्रॉफ्ट को बोल्ड करके अपने करियर का पहला विकेट लिया। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी की थी।
भारत ने 36वें ओवर में स्पिनर के रूप में पांचवां गेंदबाज आजमाया। यह वनडे में पहला अवसर है जबकि भारत ने 35 ओवर के बाद पहली बार स्पिनर को गेंद सौंपी। नमन धीर ने आक्रामक अंदाज में खेल रहे कप्तान मिचेल सैंटनर (24) का विकेट लेकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। अक्षर ने आखिरी दो विकेट लेकर भारत की जीत सुनिश्चित की।
ALSO READ: पांचवे वनडे में 209 रनों पर सिमटी भारतयी पारी, कीवी गेंदबाजों का कहर

