दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप्स बनाने वाली कंपनियों में से एक एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। हुआंग ने चीनी जासूस से अपने रिलेशनशिप को स्वीकार कर लिया है। चीनी जासूस ने एनवीडिया की कई जानकारियों को बीजिंग तक पहुंचाया। एनवीडिया ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने 29 अक्तूबर को बताया कि हुआंग चीन की एक जासूसी साजिश के निशाने पर आ गए थे। इस साजिश में एलिस हुआंग नाम की चीनी महिला कारोबारी शामिल थी। एलिस ने ही पूरा जाल बुना था, जिसमें एनवीडियो के सीईओ फंस गए। एलिस एनवीडिया की एडवांस्ड एआई चिप्स की सीक्रेट जानकारी को बीजिंग तक पहुंचा रही थी। सवाल यह है कि आखिर एलिस हुआंग कौन है, जिससे अफेयर कर एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग फंस गए।
कौन हैं एलिस हुआंग?
इस पूरे मामले में जिस महिला का नाम सामने आया है, वह एलिस हुआंग हैं। उनका उपनाम जेन्सेन हुआंग से मिलता है, लेकिन दोनों के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है। उन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है। जून 2024 में ताइवान की राजधानी ताइपे के एक बार में एलिस को जेन्सेन हुआंग के साथ देखा गया था। उस दौरान दोनों गीगाबाइट और नेटथंडर से जुड़े अधिकारियों के साथ मौजूद थे। वे वहां व्हिस्की पी रहे थे। इस मुलाकात की एक तस्वीर लिंक्डइन पर भी सामने आई थी।
मई 2025 में एआई आपूर्तिकर्ताओं के साथ रात्रिभोज के बाद ताइपे के एक रेस्तरां के बाहर भी एलिस, जेन्सेन हुआंग के पीछे खड़ी दिखाई दी थीं। उस समय एनवीडिया प्रमुख पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी अवधि में एलिस से जुड़ी एक कंपनी एनवीडिया के उन्नत उपकरण बड़े पैमाने पर खरीद रही थी।
पत्रकारिता से बैंकिंग और निवेश तक : एलिस हुआंग के पेशेवर सफर के बारे में चीन के एक निजी फंड डेटाबेस में उपलब्ध प्रोफाइल से जानकारी मिलती है। इसके मुताबिक, उन्होंने हुनान टीवी और चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी में पत्रकार के रूप में काम किया था। इसके बाद वह एचएसबीसी से जुड़ीं। वहां उन्हें प्राइवेट बैंकिंग डिवीजन के अध्यक्ष की सहायक बताया गया। बाद में उन्होंने सीआईटीआईसी सिक्योरिटीज में उपाध्यक्ष का पद संभाला। हालांकि, उनके पत्रकारिता करियर से जुड़े दावों पर सवाल भी उठे। न्यूयॉर्क पोस्ट ने हुनान टीवी के एक अधिकारी से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने एलिस हुआंग का नाम पहले कभी नहीं सुना। अखबार को सीसीटीवी की वेबसाइट पर भी उनके नाम से कोई प्रोफाइल नहीं मिली।
चीन के लिए काम करने का संदेह : अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को आशंका हुई कि एलिस हुआंग चीन की राजधानी बीजिंग तक सूचनाएं पहुंचा रही थीं। न्यूयॉर्क टाइम्स और फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्टों में एक गोपनीय ज्ञापन का हवाला दिया गया। इसमें दावा किया गया कि चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय ने एलिस को जेन्सेन हुआंग के बारे में जानकारी जुटाने के लिए भर्ती किया था। आशंका यह भी जताई गई कि उन्हें एनवीडिया की ओर से चीन को उन्नत चिप बेचने की कोशिशों को प्रभावित करने का काम सौंपा गया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि चीन ने एलिस को मेगास्पीड से जुड़ने से पहले भर्ती किया था या जेन्सेन हुआंग से परिचित होने के बाद। दोनों की पहली मुलाकात कब हुई, इस बारे में भी रिपोर्टों में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।


