
RSS Meeting in Indore : मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक का आज भव्य शुभारंभ हो गया है। शहर के ऐतिहासिक डेली कॉलेज परिसर में आयोजित इस उच्च-स्तरीय बैठक का उद्घाटन संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने किया।
कौन-कौन ले रहा है हिस्सा?
2 से 4 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस तीन दिवसीय बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और संघ के सभी छह सह-सरकार्यवाह विशेष रूप से उपस्थित हैं। इसमें देश भर के 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों से लगभग 408 प्रमुख प्रतिनिधि और पदाधिकारी इस मंथन में हिस्सा ले रहे हैं।
किन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा?
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान अब तक आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए संघ के प्रमुख एजेंडे ‘पंच परिवर्तन’—यानी सामाजिक समरसता, पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली, कुटुंब प्रबोधन (परिवार प्रबोधन), स्व का भाव और नागरिक कर्तव्य—पर भविष्य की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
Photo : Dharmendra Sangle


