
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने एक विवादित बयान के चलते एक बार फिर सुर्खियों में हैं। भगवान राम और बांके बिहारी (कृष्ण) की तुलना करते हुए की गई उनकी टिप्पणी से कृष्ण भक्तों में भारी नाराजगी है। सोशल मीडिया पर इस बयान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद संत समाज और अन्य नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
कथा के दौरान क्या बोले थे धीरेंद्र शास्त्री?
मध्य प्रदेश के करैरा में चल रही श्रीराम कथा के दौरान मंच से बोलते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीराम और बांके बिहारी की मुद्रा व स्वरूप पर टिप्पणी की थी।
उन्होंने मंच से कहा, ‘तुम्हारे वाले भगवान तो खड़े भी होते हैं, तो तीन जगह से टेढ़े (बांके) होते हैं… पांव के ऊपर पांव, कमर लचकाए, ऐसे बंसी बजाएं। हमारे वाले तो बिल्कुल सीधे खड़े होते हैं, आशीर्वाद देने की मुद्रा में। हमारे वाले का चलना, दिखना और धाम (अयोध्या) भी सीधा है, जबकि तुम्हारे वाले (वृंदावन) हर तरह से टेढ़े हैं। तुम्हारे वालों का बंसी बजाना खेल है, लेकिन हमारे वालों का धनुष चलाना खेल नहीं है।”
कृष्ण भक्तों में आक्रोश
पंडित धीरेंद्र शास्त्री की इस टिप्पणी का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कृष्ण भक्त और कई यूजर्स इस पर कड़ी आपत्ति जता रहे हैं और इसे आराध्य भगवान श्रीकृष्ण का अपमान बता रहे हैं।
मिर्ची बाबा का तीखा पलटवार
इस बयान के बाद वैचारिक और तीखा विरोध भी शुरू हो गया है। मिर्ची बाबा ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान पर कड़ी निंदा करते हुए जोरदार हमला बोला है। मिर्ची बाबा ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री, तेरा अंत आ गया है। कभी तू भगवान कृष्ण पर बयान देता है, कभी माताओं-बहनों पर टिप्पणी करता है। ध्यान रख, ये तेरी वाणी तुझे ले डूबेगी। भगवान के नाम पर ड्रामा और पाखंड बंद कर, वरना जनता तुझे दौड़ा-दौड़ाकर मारेगी। जिस कृष्ण ने पूरे ब्रह्मांड को ज्ञान दिया, तू उन पर टिप्पणी कर रहा है।


