
Imran sons accuse Asim Munir: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत और जेल की स्थितियों को लेकर उनके बेटों ने बेहद सनसनीखेज और गंभीर आरोप लगाए हैं। इमरान खान की पहली पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ के बेटों— कासिम खान और सुलेमान खान ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर उनके पिता से 'व्यक्तिगत दुश्मनी' निकाल रहे हैं और उन्हें रावलपिंडी की अदियाला जेल में 'धीरे-धीरे मारने' की कोशिश की जा रही है।
इमरान से मुनीर की निजी दुश्मनी
इमरान के बेटों- कासिम और सुलेमान ने लंदन में 'द गार्डियन' से बातचीत के दौरान आरोप लगाया है कि उनके पिता मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के दौर से गुजर रहे हैं। कासिम ने बेहद गंभीर आशंका जताते हुए कहा कि हमें पूरा यकीन है कि वे हमारे पिता को जेल के भीतर धीरे-धीरे मारने की कोशिश कर रहे हैं। जैसे ही अंतरराष्ट्रीय दबाव कम होगा, उन पर पाबंदियां और सख्त कर दी जाएंगी ताकि उन्हें पूरी तरह खत्म किया जा सके। ALSO READ: Top News 22 August: इमरान खान की सेहत पर बहन का बड़ा दावा, राम मंदिर निर्माण पर क्या बोले नृपेंद्र मिश्रा?
सुलेमान खान के मुताबिक, इमरान खान जब प्रधानमंत्री थे, तब उन्होंने अनौपचारिक रूप से आसिम मुनीर को उनके पद से हटा दिया था। 2023 में जब आसिम मुनीर पाकिस्तान के सेना प्रमुख बने, उसके बाद से इमरान खान पर कार्रवाई और सख्त होती चली गई। बेटों का आरोप है कि यह पूरी बर्बरता सेना प्रमुख की व्यक्तिगत रंजिश के कारण हो रही है। ALSO READ: पाक टेस्ट टीम ने नहीं प्रसारित होने दिया इमरान खान के बेटों का दुख, टेस्ट मैच बॉयकॉट करने की दी धमकी
जेल की अमानवीय स्थितियां
इमरान खान को बिना किसी इंसानी संपर्क के 6×8 फीट की कालकोठरी (एकांत कारावास) में रखा गया है। पिछले छह महीनों से आंख की बीमारी का इलाज न मिलने के कारण इमरान खान ने एक आंख की दृष्टि लगभग खो दी है। हाल ही में परिवार को पता चला है कि उन्हें हाई ब्लड प्रेशर की भी शिकायत हो गई है। दूसरी ओर, बेटों को पिछले छह महीने से पिता से फोन पर बात करने या मिलने की अनुमति नहीं दी गई है। यहां तक कि नौ महीने पहले वीजा आवेदन करने के बावजूद उन्हें पाकिस्तान जाने का वीजा नहीं दिया जा रहा।
राजनीति में आने से इनकार
दोनों भाइयों ने साफ किया कि उनकी पाकिस्तान की राजनीति में आने या पीटीआई पार्टी की कमान संभालने में कोई दिलचस्पी नहीं है। वे अपने पिता के वंशवादी राजनीति के खिलाफ सिद्धांतों का सम्मान करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इमरान खान कभी किसी समझौते के तहत राजनीति नहीं छोड़ेंगे।
गौरतलब है कि पिछले महीने के अंत में, स्काई स्पोर्ट्स ने इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच के कवरेज के दौरान कासिम और सुलेमान का एक साक्षात्कार किया था। इंटरव्यू के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्काई स्पोर्ट्स से औपचारिक शिकायत की थी और पाकिस्तानी टीम ने लंच ब्रेक के बाद मैदान पर लौटने से इनकार करने की धमकी दी थी। दरअसल पाक क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष पाकिस्तान के गृहमंत्री भी हैं।
पूर्व पत्नी जेमिमा ने की दूसरी शादी
इमरान खान की पूर्व पत्नी और ब्रिटिश फिल्म निर्माता जेमिमा गोल्डस्मिथ ने हाल ही में सितंबर 2026 में आइरिश-ऑस्ट्रेलियाई फाइनेंसर और बिजनेसमैन कैमरन ओ रेली से दूसरा विवाह किया है। जेमिमा (52) और कैमरन (62) की पहली मुलाकात फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री प्रोडक्शन के दौरान हुई थी। दोनों ने मई 2026 में सगाई की थी। इससे पहले 1995 में उन्होंने इमरान खान से विवाह किया था। 2004 में दोनों का तलाक हो गया था।


