इजराइल ने गाजा में हमास के टॉप कमांडर समीर अबू यूनिस को हवाई हमले में मार गिराया है। वह खान यूनिस के अल-मवासी इलाके में सड़क पर चल रहा था तभी इजराइली सेना ने एयरस्ट्राइक की। हमास और इजराइली सेना ने उसकी मौत की पुष्टि की है। हमास के मुताबिक यूनिस 7 अक्टूबर 2023 को इजराइल पर हुए हमले की योजना बनाने और उसकी निगरानी करने वाले प्रमुख कमांडरों में शामिल था। आरोप- यूनिस हमले की तैयारी कर रहा था सेना और इजराइली खुफिया एजेंसी के मुताबिक यूनिस पहले राफा ब्रिगेड का डिप्टी कमांडर और तेल अल-सुल्तान बटालियन का प्रमुख रह चुका था। सेना का आरोप है कि वह इजराइली नागरिकों और सैनिकों पर हमलों की तैयारी कर रहा था। साथ ही हमास की सैन्य ताकत फिर से बढ़ाने में जुटा था। समीर अबू यूनिस को अबू महमूद के नाम से भी जाना जाता था। उसने 15 सितंबर 2026 को राफा ब्रिगेड की कमान संभाली थी। गाजा में हमास के कमांडरों को निशाना बना रहा इजराइल इजराइल इन दिनों गाजा में हमास के उन लड़ाकों और कमांडरों को निशाना बना रहा है, जिन पर 7 अक्टूबर के हमले में शामिल होने या हमास की सैन्य ताकत बढ़ाने का आरोप है। गुरुवार को भी इजराइली सेना ने खान यूनिस के नासिर अस्पताल परिसर पर हमला किया था। इसमें हमास की खान यूनिस ब्रिगेड के कमांडर मुहम्मद अबू इस्माइल को निशाना बनाया गया था। हालांकि, उसकी मौत की पुष्टि नहीं हुई है। हमास की राफा ब्रिगेड के तीन कमांडर मारे गए जंग शुरू होने के बाद से समीर अबू यूनिस समेत राफा ब्रिगेड के तीन कमांडर मारे जा चुके हैं। 2026 में मारे गए हमास से जुड़े लोग 15 मई 2026, इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद: हमास की सैन्य शाखा का प्रमुख था। इजराइल के मुताबिक, उसने 7 अक्टूबर के हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई थी। गाजा सिटी में इजराइली हवाई हमले में उसकी मौत हुई। 26 मई 2026, मोहम्मद ओदेह: हमास की सैन्य खुफिया इकाई का प्रमुख था। इजराइली सेना के मुताबिक, उसने 7 अक्टूबर के हमले के दौरान इजराइल में घुसने और ठिकानों को निशाना बनाने की योजना तैयार करने में मदद की थी। उत्तरी गाजा में हवाई हमले में मारा गया। 10 सितंबर 2026, मोहम्मद अब्देल सलाम अल-याजूरी: हमास की वरिष्ठ नेतृत्व परिषद का सदस्य और खान यूनिस ब्रिगेड का कमांडर था। हमास ने कहा कि 7 अक्टूबर के हमले की योजना बनाने में उसकी अहम भूमिका थी। इजराइली हमले में उसकी मौत हुई। 26 सितंबर 2026, साहेर निदाल लत्फी: इजराइली सेना ने गाजा के नुसेरात इलाके में हवाई हमला कर उसे मार गिराया। सेना के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2023 को हमास के लड़ाकों ने नोआ अर्गमानी और उनके साथी अविनातन ओर को अगवा किया था। दोनों नोवा म्यूजिक फेस्टिवल से अगवा किए गए थे। उस समय सक्र ही मोटरसाइकिल चला रहा था। इजराइल का आरोप था कि लत्फी हमास के लिए हथियार पहुंचाता था। वह नए हमलों की तैयारी में भी शामिल था। म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान हमास ने हमला किया था 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजराइल में बॉर्डर एरिया पर एक म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान हमला किया था। इस हमले में करीब 1200 लोग मारे गए थे, जबकि 251 को बंधक बना लिया गया था। यह हमला इजराइल के लिए दशकों में सबसे गंभीर सुरक्षा घटनाओं में से एक था। इसके बाद इजराइल ने गाजा में हमास के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया। देखते ही देखते यह संघर्ष पूरे पश्चिम एशिया के लिए बड़े संकट में बदल गया। हमास ने इसे ‘अल-अक्सा फ्लड’ ऑपरेशन नाम दिया था। इसके जवाब में इजराइल ने कुछ घंटे बाद हमास के खिलाफ ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन’ ऑपरेशन शुरू किया था। ————————- यह खबर भी पढ़ें… नेतन्याहू ने आइजनकोट को साथ मिलकर सरकार बनाने को कहा: पूर्व सेना प्रमुख ने प्रस्ताव ठुकराया; बोले- नेतन्याहू चुनाव हार चुके हैं, उनकी चाल में नहीं फंसूंगा इजराइल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गादी आइजनकोट से मिलकर सरकार बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सभी बड़ी पार्टियों को एक साथ आना चाहिए। पूरी खबर यहां पढ़ें..

