Hindi Rom-Coms on Netflix: दिल्ली की बारिश में नेटफ्लिक्स की इन मूवीज के साथ शाम बनाइए और रोमांटिक, यहां देखें पूरी लिस्ट

Hindi Rom-Coms on Netflix: नेटफ्लिक्स पर हिंदी रोमांटिक कॉमेडी फिल्में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला जॉनर है। चाहे आपको दिल छू लेने वाली लव स्टोरीज पसंद हों, मजेदार दोस्ती देखनी हो या रिश्तों पर एक आधुनिक नजरिया… इन बेस्ट फिल्मों में आपको कॉमेडी और इमोशन का बेहतरीन मिक्सचर मिलेगा। तो देर किस बात की देखिए ये शानदार लिस्ट।

Yeh Jawaani Hai Deewani

‘ये जवानी है दीवानी’ नेटफ्लिक्स पर सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली हिंदी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्मों में से एक है। कहानी बनी, नैना, अदिति और अविनाश के इर्द-गिर्द घूमती है, जो प्यार… दोस्ती और जिंदगी के फैसलों को समझते हैं। फिल्म दिखाती है कि कैसे सपने, रिश्ते और रोमांच इंसान के बड़े होने के सफर को आकार देते हैं। इसका म्यूजिक, ऐसे किरदार जिनसे लोग खुद को जोड़ पाते हैं और खूबसूरत नजारे आज भी दर्शकों को अपनी ओर खींचते हैं। फिल्म यह भी बताती है कि भले ही जीवन में आगे बढ़ने की चाह (एम्बिशन) जरूरी है, लेकिन असली खुशी अक्सर गहरे रिश्तों और ‘आज’ में जीने से ही मिलती है।

Meenakshi Sundareshwar

यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म हाल ही में शादी करने वाले मीनाक्षी और सुंदरेश्वर की कहानी है। सुंदरेश्वर को बेंगलुरु में एक ऐसी नौकरी मिल जाती है, जो सिर्फ अनमैरिड लोगों के लिए होती है, जिसकी वजह से उन्हें अनचाहे ही ‘लॉन्ग-डिस्टेंस’ शादी का सामना करना पड़ता है। मदुरै पर आधारित यह फिल्म साउथ इंडियन कल्चर को दिखाने की कोशिश करती है, लेकिन स्टीरियोटाइपिंग के कारण इसकी आलोचना भी हुई थी। कहानी मुख्य रूप से इस बात पर केंद्रित है कि आज के आधुनिक दौर में यह कपल किस तरह इमोशनल दूरी, बातचीत और शादी से जुड़ी उम्मीदों को संभालता है।

Shaandaar

‘शानदार’ एक रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म है, जिसकी कहानी लंदन में एक आलीशान डेस्टिनेशन वेडिंग के दौरान आगे बढ़ती है। फिल्म में आलिया की कहानी है, जिसे गोद लिया गया है और वह नींद न आने की समस्या से जूझ रही है। वहीं वेडिंग प्लानर जगजिंदर जोगिंदर भी इसी समस्या का सामना कर रहे हैं। जैसे-जैसे वे फैमली कलेश, आर्थिक परेशानियों और खुद की अहमियत से जुड़े सवालों का सामना करते हैं, उनके बीच का रिश्ता गहरा होता जाता है। फिल्म में उस पल को भी दिखाया गया है, जब आलिया की बहन ‘बॉडी-शेमिंग’ का शिकार होने के बाद अपनी ही शादी से बाहर निकल आती है।

Jab Harry Met Sejal

यह फिल्म सेजल नाम की एक गुजराती महिला की कहानी है, जिसकी एक फैमली ट्रिप के दौरान सगाई की अंगूठी खो जाती है। वह इसे खोजने के लिए हैरी नाम के एक पंजाबी टूर गाइड की मदद लेती है और दोनों मिलकर पूरे यूरोप में अंगूठी की तलाश करते हैं। यह अंगूठी कहानी में एक ऐसे मीडिएटर का काम करती है, जिससे वे खुद को बेहतर ढंग से समझने लगते हैं। प्राग, एम्स्टर्डम, लिस्बन और बुडापेस्ट की यात्रा के दौरान उनके बीच का रिश्ता और गहरा होता जाता है।

Badrinath Ki Dulhania

यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों को भी उठाती है। एक पितृसत्तात्मक परिवार में पले-बढ़े बद्रीनाथ को वैदेही से प्यार हो जाता है, जो एक महत्वाकांक्षी महिला है और अपनी आजादी को बहुत अहमियत देती है। कहानी में दहेज, स्त्री-पुरुष की पारंपरिक भूमिकाओं और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों को शामिल किया गया है, जहां दोनों मुख्य पात्र अपने मतभेदों को सुलझाने की कोशिश करते हैं।

Hasee Toh Phasee

‘हंसी तो फंसी’ निखिल नाम के एक बिजनेसमेन की कहानी है, जिसे एक हफ्ते के लिए अपनी मंगेतर की अजीबोगरीब बहन मीता का ख्याल रखना पड़ता है। मीता एक बेहद होनहार केमिकल इंजीनियर है, जो अपने परिवार से स्वीकार्यता पाने के लिए संघर्ष कर रही है। उसका अनोखा बर्ताव और सीधा-सादा स्वभाव कहानी में एक नई ऊर्जा भर देता है। जैसे-जैसे निखिल मीता के साथ ज्यादा समय बिताता है। वह प्यार और जिम्मेदारी को लेकर अपनी समझ पर ही सवाल उठाने लगता है।