हिमाचल के 4 जिलों में कल थंडरस्टॉर्म का अलर्ट! शिमला-कांगड़ा में गरजेंगे बादल, 2 नवंबर तक बिगड़ा रहेगा मौसम

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। शिमला, जुब्बरहट्टी, सुंदरनगर, कांगड़ा, मुरारी देवी और पालमपुर समेत कई क्षेत्रों में गुरुवार को गर्जना और आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य में 2 नवंबर तक बारिश और अंधड़ का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम में आए बदलाव को देखते हुए स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार 30 अक्टूबर के लिए राज्य के चार प्रमुख जिलों में थंडरस्टॉर्म और बिजली चमकने का यलो अलर्ट जारी किया है।

इन 4 जिलों के लिए जारी हुआ ‘यलो अलर्ट’

स्थानीय मौसम कार्यालय द्वारा जारी अलर्ट के मुताबिक शुक्रवार को राज्य के चार जिलों के अलग-अलग हिस्सों में बादलों की कड़क और बिजली कड़कने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने खराब मौसम के दौरान आम जनता को सलाह दी है कि वे कंक्रीट के फर्श पर लेटने और पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से बचें। लोगों को बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग करने तथा अपनी काटी गई फसलों को सुरक्षित व ढके हुए स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।

पिछले 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश?

बुधवार शाम 6 बजे से लेकर गुरुवार शाम तक प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई-

पांवटा साहिब: 4 मिमी

कुफरी: 2.3 मिमी

कांगड़ा: 1.8 मिमी

नाहन: 1.1 मिमी

कल्प और सोलन: 1 मिमी (प्रत्येक)

शिमला: 0.5 मिमी

जुब्बरहट्टी: 0.4 मिमी

कोटखाई: 0.3 मिमी

भुंतर: 0.2 मिमी

लाहौल-स्पीति में शून्य से नीचे पहुंचा पारा, ऊना रहा सबसे गर्म

पहाड़ों में मौसमी हलचल बढ़ने के साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। लाहौल और स्पीति का कुकुमसेरी रात के समय राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दूसरी ओर राज्य के अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी गई है। हालांकि मैदानी जिला ऊना दिन के समय सबसे गर्म स्थान दर्ज हुआ, जहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

पोस्ट-मानसून सीजन में अब तक 15% अधिक बारिश

मौसम कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक के पोस्ट-मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई है। इस अवधि में राज्य में सामान्य 24.8 मिमी के मुकाबले 28.4 मिमी बारिश हुई, जो कि 15 प्रतिशत अधिक है। किन्नौर और सिरमौर जिलों में क्रमश: 46% और 38% बारिश की कमी दर्ज की गई है, जबकि मंडी जिले में सामान्य बारिश हुई है। इन तीन जिलों को छोड़कर राज्य के बाकी सभी 9 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।