गोल्फ को एलीट स्पोर्ट्स कहलाने से नाराज हैं कपिल देव, कहा यह ठप्पा जल्द हटे

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव ने  गोल्फ को ‘Elite’ खेल (अभिजात वर्ग) की छवि से बाहर निकालने की वकालत करते हुए कहा कि यह खेल करियर बनाने के अवसर देने के साथ लोगों के बीच रिश्ते और दोस्ती मजबूत करने में भी मदद कर सकता है।कपिल कुतुब गोल्फ कोर्स में आयोजित होने वाले BT गोल्फ के 27वें सत्र की घोषणा के मौके पर बोल रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि हमें ‘एलीट’ शब्द में उलझना चाहिए। लोग डॉक्टर, इंजीनियर या वैज्ञानिक क्यों बनना चाहते हैं? इन पेशों को भी एलीट माना जाता है। हर कोई बेहतर जिंदगी चाहता है और अगर खेल ऐसा अवसर दे सकता है तो इसमें क्या बुराई है?’’

कपिल ने कहा, ‘‘मैं ऐसा होते देखना चाहूंगा। अगर आपको खेल के जरिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और एलीट बनने का अवसर मिलता है तो इसमें गलत क्या है?’’

PGTI अध्यक्ष ने लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने में गोल्फ की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोल्फ कोर्स पर बिताया गया समय खिलाड़ियों को रिश्ते बनाने और अलग-अलग नजरियों को समझने का अवसर देता है।

कपिल ने कहा, ‘‘मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना है कि गोल्फ आपको लोगों से मिलने का मौका देता है। मैंने क्रिकेट में काफी ऊंचे स्तर पर खेला है और मुझे लगता है कि गोल्फ रिश्ते बनाने के लिए शानदार खेल है।’’

यह टूर्नामेंट भारतीय कॉरपोरेट जगत को पेशेवर गोल्फ के करीब लाने, इस खेल की लोकप्रियता बढ़ाने और कारोबार जगत के शीर्ष लोगों तथा खिलाड़ियों के बीच संवाद के अधिक अवसर पैदा करने के उद्देश्य से की गई है।