
जियो आईपीओ को लेकर दिखे निवेशकों के जबरदस्त उत्साह के बाद भी भारतीय शेयर बाजार के लिए यह सप्ताह बेहद निराशाजनक रहा। चार दिनों वाले इस कारोबारी हफ्ते में एक भी दिन बाजार हरे निशान में नहीं दिखा। सेंसेक्स 1600 ज्यादा अंक गिर गया तो निफ्टी भी 547 अंक लुढ़क गया। जानिए मार्केट ट्रेड और निवेशकों के लिए कैसा रहेगा अगला सप्ताह। ALSO READ: रूस ने बेचा 6200 किलो सोना, मार्केट में मचा हड़कंप
कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की चाल
सोमवार को सेंसेक्स 876 अंक की गिरावट के साथ 73,853 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 257 अंक गिरकर 22,889 पर आ गया। मंगलवार को शेयर बाजार में दशहरा अवकाश था। बुधवार को सेंसेक्स 143 अंक गिरकर 73709 पर जा पहुंचा तो निफ्टी 78 अंकों की गिरावट के साथ 22811 पर बंद हुआ।
गुरुवार को सेंसेक्स 460 अंक लुढ़ककर 73249 पर जा पहुंचा तो निफ्टी 124 अंक गिरकर 22688 पर बंद हुआ। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। इस समय सेंसेक्स 126 अंक गिरकर 73124 पर था तो निफ्टी 88 अंकों की गिरावट के साथ 22600 पर आ गया।
इन फैक्टर्स से तय हुई बाजार की चाल
इस हफ्ते बाजार की चाल तय करने में कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजों की अहम भूमिका रही। कई प्रमुख बैंकों (जैसे पीएनबी और कैनरा बैंक) के अच्छे नतीजों से चुनिंदा शेयरों में खरीदारी देखी गई, वहीं कुछ दिग्गज कंपनियों के कमजोर नतीजों व मैनेजमेंट की कमेंट्री ने निवेशकों को सतर्क किया।
सप्ताह की शुरुआत में बैंकिंग और आईटी सेक्टर के भारी-भरकम शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा गया। इस भारी बिकवाली के चलते प्रमुख सूचकांक दबाव में आए और निफ्टी 23,000 के अहम मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई तो बॉन्ड यील्ड से जुड़े रुझानों ने भी शेयर बाजार में निवेशकों की सतर्क रहने का संकेत दिया। चांदी भी 2026 में पहली बार 2 लाख से नीचे पहुंचे गई। निवेशकों ने इस हफ्ते भारी मुनाफा वसूली की।
जियो आईपीओ की लांचिंग से भी निवेशक उत्साहित नजर आए। त्योहारी मांग की उम्मीदों के चलते चुनिंदा शेयरों में वैल्यू-बाइंग और खरीदारी का रुझान भी बना रहा। मजबूत फंडामेंटल वाले पब्लिक सेक्टर बैंक, मेटल और एनर्जी सेक्टर के कुछ शेयरों ने बाजार को नीचे गिरने से संभालने में अहम भूमिका निभाई।
JIO IPO के अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर निवेशकों की नजर
जियो IPO में निवेशकों की करीब 7.40 लाख करोड़ रुपए की मांग ने बाजार को चौंका दिया है। बड़े संस्थागत निवेशकों का जबरदस्त भरोसा, रिटेल निवेशकों का उत्साह और शेयरहोल्डर्स व कर्मचारियों की भागीदारी ने जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड तक पहुंचा दिया।
30,213 करोड़ के देश के सबसे बड़े IPO में 1.38 करोड़ से ज्यादा आवेदन आए और अंतिम सब्सक्रिप्शन 22 गुना के पार पहुंच गया। अब निवेशकों की नजर शेयरों के अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 26 अक्टूबर को अलॉटमेंट तय होगा और 28 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में लिस्टिंग प्रस्तावित है। ALSO READ: कमजोर बाजार में जियो IPO ने चौंकाया, 7.40 लाख करोड़ की रिकॉर्ड डिमांड, जानिए कब होगी लिस्टिंग
कैसा रहेगा अगला हफ्ता?
बाजार विशेषज्ञ योगेश बागौरा ने कहा कि अब तक निफ्टी में मिड कैप और स्माल कैप कंपनियों के शेयर चल रहे थे और लार्ज कैप में ही करेक्शन दिखाई दे रहा था। अब स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। मिड कैप और स्माल कैप कंपनियों के शेयरों में इस हफ्ते भारी गिरावट दर्ज की गई। इस हफ्ते इसमें 3 से 7 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि गिरावट की एक बड़ी वजह यह भी है कि FII को मिल कैप और स्माल कैप के वैल्यूएशन ज्यादा लग रहे हैं। मार्जिन कॉल ट्रिगर होने के कारण भी बाजार में पैनिक सैलिंग हो रही है। MTF के बुक रिकॉर्ड स्तर पर है।
बागौरा ने कहा कि अगले हफ्ते बाजार में उतार चढ़ाव के साथ गिरावट का माहौल बना रहेगा। जियो आईपीओ की लिस्टिंग के दिन इसके कुछ सकारात्मक रहने की उम्मीद की जा सकती है। इसके बाद फिलहाल ज्यादा कुछ पॉजिटिव नहीं है। क्रूड के दाम भी 110 डॉलर से ऊपर बने हुए हैं। निफ्टी इंडेक्स में ऊपर में 22900 से 23000 का रजिस्टेंस है तो नीचे में 22100 का मजबूत सपोर्ट नजर आ रहा है।
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।


