
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है। इसी को देखते हुए वियतनाम की वाहन निर्माता कंपनी VinFast अब भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपने तीन नए इलेक्ट्रिक स्कूटर Evo, Kyo और Kinet पेश किए हैं। इन तीनों स्कूटर को 2027 में भारत में लॉन्च किया जाएगा।
कंपनी इससे पहले भारतीय बाजार में VF7, VF6 और VF MP7 जैसे इलेक्ट्रिक वाहन पेश कर चुकी है। अब दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में उसकी सीधी प्रतिस्पर्धा Ather, Bajaj Auto और TVS जैसी कंपनियों से होगी। तीनों स्कूटर में लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) बैटरी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इनमें एक या दो बैटरी पैक लगाने का विकल्प मिलेगा। हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल की अंतिम कीमत और स्पेसिफिकेशन की घोषणा अभी नहीं की गई है।
भारत में किससे होगा मुकाबला, कितनी हो सकती है कीमत?
VinFast की वियतनाम की प्राइस लिस्ट में Evo सबसे सस्ता, Kyo उससे महंगा और Kinet सबसे महंगा मॉडल है। भारत में भी यदि कंपनी यही कीमत क्रम रखती है तो तीनों स्कूटर अलग-अलग सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा करेंगे। Evo और Kyo का मुकाबला TVS Orbiter और TVS iQube के किफायती वेरिएंट से हो सकता है। वहीं, ज्यादा पावर और 90 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड वाले Kinet की तुलना Ather 450X जैसे इलेक्ट्रिक स्कूटर से होगी।
कंपनी इंडोनेशिया में Evo के लिए बैटरी खरीदने और सब्सक्रिप्शन के विकल्प भी उपलब्ध कराती है। ऐसे में भारत में इसकी कीमत तय करने में बैटरी पैक की व्यवस्था महत्वपूर्ण होगी। खास बात यह है कि कंपनी की बताई गई अधिकतम रेंज और Evo की 5.2 kW की पावर डुअल बैटरी सेटअप पर आधारित है। इसलिए भारत में स्कूटर की वास्तविक कीमत का आकलन करते समय यह देखना अहम होगा कि दोनों बैटरी पैक कीमत में शामिल होंगे या उन्हें अलग से खरीदना पड़ेगा।
फिलहाल कंपनी ने भारतीय बाजार के लिए तीनों स्कूटर की कीमतों और अंतिम फीचर लिस्ट का खुलासा नहीं किया है।
VinFast Evo: 150 किलोमीटर तक की रेंज
Evo तीनों स्कूटर में सबसे कॉम्पैक्ट मॉडल है। इसकी लंबाई 1,850 मिमी है। इसमें फ्लैट फुटबोर्ड, 4.8 इंच का कलर डिस्प्ले और LED प्रोजेक्टर हेडलैंप दिया गया है। Evo में एक रिमूवेबल 1.5 kWh बैटरी पैक के साथ 3 kW की पावर मिलती है। कंपनी के मुताबिक, इस कॉन्फिगरेशन में स्कूटर एक बार चार्ज करने पर 85 किलोमीटर तक चल सकता है। इसमें दूसरा 1.5 kWh बैटरी पैक जोड़ने पर कुल बैटरी क्षमता 3 kWh हो जाती है। इसके साथ मोटर की अधिकतम पावर बढ़कर 5.2 kW और रेंज 150 किलोमीटर तक पहुंच जाती है।
डुअल बैटरी सेटअप में इसकी टॉप स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। यह करीब 6 सेकंड में 0 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। चार्जिंग की बात करें तो एक बैटरी को फुल चार्ज करने में करीब 4.5 घंटे और दोनों बैटरी को चार्ज करने में लगभग 9 घंटे लगते हैं। इस स्कूटर की खासियत यह है कि दूसरी बैटरी लगाने से केवल रेंज ही नहीं, बल्कि मोटर की अधिकतम पावर भी बढ़ जाती है। इसकी रिमूवेबल बैटरी को निकालकर घर के अंदर भी चार्ज किया जा सकता है।
VinFast Kyo: 70 km/h की टॉप स्पीड
VinFast Kyo को कंपनी ने Evo से अलग डिजाइन और फीचर्स के साथ पेश किया है। इसमें 3 kW की हब मोटर दी गई है। स्कूटर में स्टैंडर्ड तौर पर 1.5 kWh की बैटरी मिलती है, जबकि दूसरी बैटरी लगाने का विकल्प भी उपलब्ध है। दोनों बैटरी पैक के साथ कंपनी 160 किलोमीटर तक की रेंज का दावा कर रही है। यह तीनों स्कूटर में सबसे ज्यादा है। Kyo की टॉप स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसे 0 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ने में करीब 16 सेकंड लगते हैं। फीचर्स की बात करें तो इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी वाला TFT डिस्प्ले, स्मार्ट की और मोबाइल ऐप के जरिए व्हीकल ट्रैकिंग की सुविधा दी गई है।
इसमें आगे और पीछे दोनों तरफ 14 इंच के व्हील मिलते हैं। तुलना करें तो TVS Orbiter में आगे 14 इंच का व्हील दिया गया है। वहीं, स्टोरेज के मामले में TVS Orbiter का 34 लीटर का बूट Kyo के 21 लीटर स्टोरेज स्पेस से बड़ा है।
VinFast Kinet: 90 km/h की टॉप स्पीड
VinFast Kinet तीनों स्कूटर में सबसे ज्यादा परफॉर्मेंस वाला मॉडल है। इसमें स्पोर्टी और शार्प बॉडी डिजाइन दिया गया है। स्कूटर में दो रिमूवेबल 1.5 kWh बैटरी पैक समानांतर (Parallel) तरीके से लगाए गए हैं। इसमें 5.2 kW की मोटर दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह स्कूटर 6 सेकंड से भी कम समय में 0 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। Kinet की टॉप स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटा है और एक बार फुल चार्ज करने पर यह 145 किलोमीटर तक चल सकता है। इसकी बैटरी को फुल चार्ज होने में करीब 9 घंटे लगते हैं। इस स्कूटर में बैटरी स्वैपिंग की सुविधा भी दी गई है। हालांकि, कंपनी ने अभी भारत में बैटरी स्वैपिंग नेटवर्क और उपलब्ध स्टेशनों को लेकर जानकारी नहीं दी है।


