Delhi AQI Today: दिवाली के अगले ही दिन यानी सोमवार (9 नवंबर) को सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हवा बेहद जहरीली हो गई। राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर टैगेगरी (Severe) में पहुंच गया। सुबह-सुबह दिल्ली के आसमान में धुंध की मोटी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता भी काफी कम हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, कुछ इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया।
CPCB के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 4:20 बजे ITO का AQI 406 दर्ज किया गया, जो गंभीर कैटेगरी में आता है। वहीं, इंद्रलोक इलाके में भी घना स्मॉग छाया रहा और लोगों को कम विजिबिलिटी का सामना करना पड़ा। राजधानी के दूसरे इलाकों में भी एयर क्वालिटी बेहद खराब बनी रही। रात करीब 1:30 बजे राजीव चौक का AQI 381 दर्ज किया गया। जबकि सुबह करीब 4 बजे साउथ एक्सटेंशन में यह 360 रहा।
दिवाली के बाद और बिगड़ी हवा
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर दिवाली के बाद और बढ़ गया है। पटाखों से निकलने वाले धुएं और पहले से मौजूद प्रदूषण ने हवा की गुणवत्ता को और खराब कर दिया। रविवार 8 नवंबर को दिल्ली का औसत AQI 376 दर्ज किया गया। जबकि इससे एक दिन पहले यह 369 था। यानी दिवाली के दिन प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
प्रदूषण पर सियासत भी तेज
दिल्ली में बिगड़ती हवा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। विपक्षी नेताओं ने प्रदूषण से निपटने की सरकारी तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। वहीं, बीजेपी नेताओं ने दिवाली समारोह और पटाखों को लेकर हो रही आलोचनाओं पर चिंता जताई है। फिलहाल राजधानी के कई इलाकों में AQI गंभीर और बेहद खराब कैटेगरी में बनी हुई है। घने स्मॉग के कारण सुबह के समय लोगों को सांस लेने और सड़कों पर विजिबिलिटी से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
कई इलाकों में देर रात तक जलाए गए पटाखे
दिल्ली में दिवाली के मौके पर प्रतिबंधों के बावजूद रविवार देर रात तक कई इलाकों में पटाखे जलाए जाते रहे। पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली समेत कई इलाकों से आतिशबाजी की खबरें आईं। दिवाली से पहले दिल्ली सरकार ने लोगों से ग्रीन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करने की अपील की थी। पूर्वी दिल्ली के जिलाधिकारी ने एक आदेश जारी कर सात और आठ नवंबर को सुबह छह से सात बजे और रात आठ से 10 बजे तक ही ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी थी।
बाहरी दिल्ली के पीतमपुरा और बुराड़ी में स्थानीय निवासियों ने बताया कि पटाखे जलाए गए। बुराड़ी में पटाखों की आवाज विशेष रूप से अधिक थी। मयूर विहार से भी ऐसी ही खबरें आईं। वहीं, बिशंभर दास मार्ग और लुटियंस दिल्ली के लोगों ने बताया कि वहां भी आतिशबाजी जारी रही। हालांकि दिन बढ़ने के साथ इसकी तीव्रता कुछ कम हो गई। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि जंगपुरा इलाके में लगातार पटाखे जलाए जा रहे थे। रोहिणी के विभिन्न सेक्टर में तय समय सीमा खत्म होने के काफी देर बाद तक पटाखों की तेज आवाजें सुनाई देती रहीं।

