चुनाव का बहिष्कार नहीं, खामियां उजागर करना ही रणनीति, शिकागो विश्वविद्यालय में बोले राहुल गांधी

चुनाव का बहिष्कार नहीं, खामियां उजागर करना ही रणनीति, शिकागो विश्वविद्यालय में बोले राहुल गांधी

rahul gandhi in USA

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साफ किया है कि विपक्षी दल चुनावों का बहिष्कार करने के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना है कि चुनाव से दूर रहने के बजाय विपक्ष चुनावी प्रक्रिया की कथित खामियों को देश के सामने लाता रहेगा। राहुल गांधी के मुताबिक, विपक्ष ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहता जिससे चुनाव प्रणाली की विश्वसनीयता पर आंच आए या लोकतांत्रिक ढांचा कमजोर पड़े। ALSO READ: अमेरिका में राहुल गांधी का बड़ा दावा, गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है भारत

 

राहुल गांधी ने यह टिप्पणी अमेरिका के इलिनॉय प्रांत स्थित शिकागो विश्वविद्यालय में आयोजित एक सत्र के दौरान की। ‘द ईरान वॉर एंड इंडियाज रोल इन द वर्ल्ड’ विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में उन्होंने राजनीतिक विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ चर्चा की। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव न लड़ने का फैसला लोकतंत्र के हित में नहीं होगा, इसलिए विपक्ष की प्राथमिकता जनता को व्यवस्था की कथित अनियमितताओं के प्रति जागरूक करना है और यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा जब तक लोग पूरी तस्वीर को समझ न लें।

 

आयोग के भीतर से सूचना मिलने का दावा

चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि चुनाव आयोग के अंदरूनी हलकों से भी विपक्ष को जानकारियां मिल रही हैं। उनके अनुसार, आयोग के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में काम करना उनके लिए कठिन होता जा रहा है। राहुल ने कहा कि यह एक लंबी कवायद है और उन्हें उम्मीद है कि चुनावी व्यवस्था से जुड़ी कथित गड़बड़ियां धीरे-धीरे सामने आएंगी।

 

उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष किसी भी गैर-लोकतांत्रिक स्थिति को स्वीकार नहीं करेगा। राहुल के शब्दों में, यह लड़ाई केवल कांग्रेस तक सीमित नहीं है, बल्कि उन नागरिकों की भावना से जुड़ी है जो चाहते हैं कि लोग बिना किसी भय के अपनी बात रख सकें और लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों की भागीदारी व ताकत फिर से सशक्त हो।

 

2024 के चुनाव और मतदाता सूची पर सवाल

राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने एक कथित मामले का हवाला देते हुए दावा किया कि एक ब्राजीलियाई महिला, जो कभी भारत आई ही नहीं, उसका नाम एक राज्य के विधानसभा चुनाव में 23 बार मतदान से जुड़ा पाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मतदाता सूची में ऐसे नाम शामिल हैं जो वास्तविक नहीं हैं या जिनके पास मतदान का अधिकार नहीं है, तो चुनाव की वैधता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। ALSO READ: “राहुल गांधी को भारत से इतनी नफरत क्यों?” कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बयान पर भड़की भाजपा, कह दी बड़ी बात

 

2014 से जुड़े संदेह और पार्टी के भीतर की चर्चा

राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर चिंताएं नई नहीं हैं और कांग्रेस को 2014 के लोकसभा चुनाव के समय से ही कुछ पहलुओं पर संदेह रहा था। उनके मुताबिक, उस दौरान कुछ सीटों पर आए नतीजों का अंतर सामान्य राजनीतिक आकलन से अलग नजर आता था।

 

उन्होंने बताया कि जब कथित अनियमितताओं से जुड़े तथ्य सामने आए, तो उन्होंने इस विषय पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा की थी। हालांकि, उस समय उन्हें सार्वजनिक रूप से ऐसे आरोप लगाने से परहेज करने की सलाह दी गई थी। राहुल ने कहा कि उनके लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं की शुचिता सर्वोपरि है, और ठोस आधार के बिना ऐसे विषय उठाना आसान नहीं होता।