चेन्नई संग IPL की शुरुआत और अंत, 15 बातों में जानें माही का पूरा सफर

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज खिलाड़ी और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मंगलवार को फ्रेंचाइजी के मेंटर नियुक्त किये गये। Indian Premiere League (IPL) में करीब दो दशक तक अपनी कप्तानी और खेल से छाप छोड़ने वाले धोनी का फ्रैंचाइजी क्रिकेट का सफर कुछ इस प्रकार रहा।

1) चेन्नई सुपर किंग्स ने 2008 में IPL की पहली नीलामी में धोनी को 6 करोड़ रुपए की नकद राशि में खरीदा और पहले ही सत्र से टीम की कप्तानी सौंपी।

2) धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल का खिताब जीता। बतौर कप्तान पांच खिताब जीतने के मामले में वह रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

3) धोनी IPL में लगातार दो बार खिताब जीतने वाले पहले कप्तान बने। उनकी अगुआई में चेन्नई ने 2010 और 2011 में लगातार ट्रॉफी अपने नाम की।

4) चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 और 2014 में चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता।

5 ) धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स 10 बार आईपीएल फाइनल में पहुंची और 12 सत्र में प्लेऑफ तक का सफर तय किया। इस दौरान टीम ने लीग की सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली फ्रेंचाइजी के रूप में पहचान बनाई।

6 ) मैच फिक्सिंग मामले में चेन्नई सुपर किंग्स पर 2016 और 2017 में दो साल का प्रतिबंध लगने के कारण धोनी को पुणे की टीम से खेलना पड़ा। वह इन दो सत्र में सीएसके के अलावा किसी अन्य आईपीएल टीम का हिस्सा रहे। 2016 में उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की कप्तानी की।

7) दो साल के प्रतिबंध के बाद चेन्नई की वापसी वाले 2018 सत्र में धोनी ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 75.83 की औसत और 150.66 के स्ट्राइक रेट से 455 रन बनाए। इस दौरान ‘Dad’s Army’ (अधिक उम्र वाले कई खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली टीम) के नाम से मशहूर चेन्नई की टीम ने तीसरी बार खिताब जीता।

8) धोनी का IPL में सर्वोच्च स्कोर नाबाद 84 रन है। उन्होंने 2019 में यह स्कोर बनाया था। उस सत्र में उनका बल्लेबाजी औसत 83.20 रहा। उन्होंने अपने IPL करियर में एक भी शतक नहीं लगाया, लेकिन 24 अर्धशतक जरूर जड़े।

9) IPL 2022 से पहले धोनी ने रविंद्र जडेजा को टीम की कमान सौंप दी थी। टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने हालांकि सत्र के बीच में दोबारा कप्तानी संभाल ली।

10) वर्ष 2023 में धोनी IPL में 250 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने।

11 ) IPL 2024 की शुरुआत से ठीक पहले धोनी ने कप्तानी छोड़ दी और टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी।

12) धोनी ने 2024 में घुटने की सर्जरी के बाद उस सत्र में मुख्य रूप से पारी के अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने महज 73 गेंदों पर 161 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 220.54 रहा, जो उनके किसी भी IPL सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इस दौरान उन्होंने 14 चौके और 13 छक्के लगाए। इसी सत्र में वह IPL में 250 छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों के क्लब में भी शामिल हुए।

13) ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होकर सत्र से बाहर होने के बाद धोनी ने 2025 में एक बार फिर चेन्नई की कप्तानी संभाली। हालांकि, टीम पहली बार अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही।

14 ) पिंडली और अंगूठे की चोट के कारण धोनी IPL 2026 के पूरे सत्र से बाहर रहे। यह पहला मौका था जब वह आईपीएल के किसी पूरे सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाए।

15)  धोनी ने 278 मैचों में 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से कुल 5,439 रन बनाए। विकेटकीपर के रूप में उनके नाम आईपीएल में सर्वाधिक शिकार (कैच और स्टंपिंग) करने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।