
बिहार में अपराधियों और मनचलों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी लगातार सामने आ रही है। जमुई और समस्तीपुर की शर्मनाक घटनाओं के बाद अब बांका जिले से भी एक युवती के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है, जहां बेखौफ युवकों ने सरेआम एक लड़की के गिरेबान पर हाथ डाला। ALSO READ: समस्तीपुर में भी जमुई जैसा हादसा, फोटो लेने रुकी लड़की के साथ मनचलों ने की बदसलूकी
एक के बाद एक घट रही इन वारदातों ने आम जनता के भीतर भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। राज्य में लगातार बिगड़ते हालात और पुलिस के गिरते ‘इकबाल’ को देखते हुए अब खुद मुख्य सचिव ने गहरी चिंता जताई है और प्रशासन को असामाजिक तत्वों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मंदार पर्वत पर वायरल हुआ शर्मनाक वीडियो
जमुई में एक नाबालिग के साथ अभद्र व्यवहार का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि बांका के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘मंदार पर्वत’ पर युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और बौंसी थाने में छह से सात अज्ञात युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 22 सितंबर को व्हाट्सएप के जरिए यह वीडियो पुलिस के हाथ लगा था, जिसमें कुछ युवक एक युवती के साथ हाथापाई और अश्लील हरकतें करते साफ नजर आ रहे थे। ALSO READ: Jamui case : पेशी के बाद हरेराम यादव को वकील ने जड़ा थप्पड़, कोर्ट परिसर में मचा हंगामा; मुख्य आरोपी के पिता भी गिरफ्तार
आरोपियो की तलाश में जुटी पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फौरन मौके पर पहुंचकर इसकी सत्यता की जांच की, जिसमें पुष्टि हो गई कि यह घटना मंदार पर्वत की ही है। आरोपियों और पीड़िता की पहचान के लिए पुलिस आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि वीडियो कुछ दिन पुराना है और खुद आरोपियों ने ही धौंस जमाने या सनसनी फैलाने के मकसद से इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया था। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।


