भारत में 9 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित, 43% को बीमारी की जानकारी तक नहीं

भारत में 9 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित, 43% को बीमारी की जानकारी तक नहीं

90 million people in India suffer from diabetes

मधुमेह यानी डायबिटीज आज देश के सामने तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। इसकी सबसे बड़ी चिंता यह है कि बड़ी संख्या में लोग इस बीमारी से पीड़ित होने के बावजूद इससे अनजान हैं। इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन (आईडीएफ) की वर्ष 2025 में जारी 11वीं डायबिटीज एटलस के अनुसार, भारत में 20 से 79 वर्ष की आयु के लगभग 9 करोड़ वयस्क मधुमेह से पीड़ित हैं। इनमें करीब 43 प्रतिशत लोगों को अपनी बीमारी की जानकारी नहीं है।

विशेषज्ञों के अनुसार, मधुमेह की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार से हृदय, किडनी, आंखों और नसों से जुड़ी गंभीर जटिलताओं के खतरे को कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ है, जो बीमारी के प्रति समय रहते कदम उठाने और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर केंद्रित है।

ALSO READ: नई स्टडी: एंथोसायनिन से घट सकता है हृदय रोग और डायबिटीज का खतरा, जानिए कैसे

केयर सीएचएल हॉस्पिटल, इंदौर के सीनियर कंसल्टेंट एंडोक्राइनोलॉजी डॉ. संदीप जुल्का ने बताया कि मधुमेह की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि शुरुआती अवस्था में इसके लक्षण कई बार स्पष्ट नहीं होते। व्यक्ति अपनी सामान्य दिनचर्या में व्यस्त रहता है, जबकि उसके शरीर में ब्लड शुगर का स्तर लगातार बढ़ रहा होता है। बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, भूख बढ़ना, बिना कारण वजन कम होना, थकान और धुंधला दिखाई देना इसके सामान्य लक्षण हो सकते हैं, लेकिन कई मरीजों में ये लक्षण दिखाई भी नहीं देते।

विशेष रूप से जिन लोगों के परिवार में डायबिटीज का इतिहास है, जिनका वजन अधिक है या जिन्हें हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं हैं, उन्हें नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच करवानी चाहिए। फास्टिंग ब्लड ग्लूकोज और एचबीए1सी जैसी जांचों से बीमारी की पहचान करने में मदद मिलती है। एचबीए1सी जांच पिछले लगभग दो से तीन महीनों के औसत ब्लड शुगर स्तर की जानकारी देती है।

जहां 20 साल पहले हम बच्चों की किशोर अवस्था में डायबिटीज टाइप 2 नहीं देखते थे, अब यह किशोर अवस्था (एडोलिसेंस) में ही देखने को मिलने लगी है। इसका मुख्य कारण जेनेटिक्स और उसके साथ खानपान व रहन-सहन है। प्री-डायबिटीज की स्थिति में समय रहते खानपान और जीवनशैली में बदलाव करके टाइप-2 डायबिटीज के खतरे को कम किया जा सकता है।

ALSO READ: CCSU के वैज्ञानिकों की बड़ी खोज, प्याज-लहसुन परिवार की इन 2 प्रजातियों में मिले कैंसर और डायबिटीज से बचाव के गुण

मेदांता हॉस्पिटल इंदौर के मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल चऊदा ने कहा, मधुमेह का पता चलने के बाद मरीजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती लंबे समय तक उपचार और अनुशासन बनाए रखने की होती है। कई बार ब्लड शुगर सामान्य आने पर मरीज अपनी दवाइयां बंद कर देते हैं या घरेलू उपायों के भरोसे उपचार छोड़ देते हैं, जो नुकसानदायक हो सकता है।

डायबिटीज एक ऐसी स्थिति है, जिसके प्रबंधन के लिए नियमित निगरानी और डॉक्टर की सलाह का पालन करना जरूरी है। मरीजों को निर्धारित दवाइयां समय पर लेनी चाहिए और बिना चिकित्सकीय परामर्श के उनकी खुराक में बदलाव नहीं करना चाहिए।

इसके अलावा समय-समय पर आंखों, किडनी, हृदय और पैरों की जांच भी करवानी चाहिए। पैरों में संवेदना कम होने के कारण कई बार छोटे घाव भी गंभीर संक्रमण का रूप ले सकते हैं। मेरा मानना है कि डायबिटीज के उपचार में मरीज की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। सही जानकारी, नियमित जांच, संतुलित खानपान और शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाकर मरीज सामान्य और सक्रिय जीवन जी सकते हैं।

 

केयर सीएचएल हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट एंडोक्राइनोलॉजी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि मधुमेह के प्रबंधन में दवाइयों के साथ जीवनशैली की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बदलती दिनचर्या, शारीरिक गतिविधियों में कमी, असंतुलित खानपान, बढ़ता मोटापा और आनुवंशिक कारण टाइप-2 डायबिटीज के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। इसके नियंत्रण के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित आहार और वजन को नियंत्रित रखना जरूरी है। भोजन में हरी सब्जियां, दालें, साबुत अनाज और फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए।

इसके साथ ही मीठे पेय पदार्थों, अत्यधिक चीनी और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट का सेवन सीमित करना चाहिए। नियमित पैदल चलना और व्यायाम करना भी ब्लड शुगर नियंत्रण में मददगार होता है। हालांकि, हर मरीज की स्वास्थ्य स्थिति अलग होती है, इसलिए खानपान और व्यायाम की योजना व्यक्तिगत जरूरत के अनुसार तय की जानी चाहिए।