PB Fintech Share Price: IRDAI डिस्ट्रीब्यूशन सुधारों पर जल्द पेश कर सकता है नया ड्राफ्ट, 5% भागे PB फिनटेक के शेयर

PB Fintech Share Price : PB फिनटेक और टर्टलमिन्ट (Turtlemint) आज बाजार के फोकस में रहे। 13 नवंबर को CNBC-TV18 को सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) ड्राफ्ट डिस्ट्रीब्यूशन पेपर में कुछ बदलाव करने पर विचार कर रहा है। इस खबर के चलते PB फिनटेक के शेयर आज लगभग 5% ऊपर कारोबार करते दिखे।

सूत्रों के मुताबिक IRDAI डिस्ट्रीब्यूशन सुधारों पर एक नया ड्राफ्ट पेपर दिसंबर के मध्य तक जारी कर सकता है। यह नया पेपर अभी प्राप्त फीडबैक के आधार पर तैयार किया जाएगा। एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि IRDAI को अपने कंसल्टेशन पेपर पर 2 लाख से अधिक प्रतिक्रियाएं मिली हैं।

IRDAI द्वारा बीमा डिस्ट्रीब्यूशन में व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखने वाले कंसल्टेशन पेपर जारी करने के बाद सितंबर के अंत में पीबी फिनटेक के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। इन बदलावों में हेल्थ, मोटर और जीवन बीमा में कमीशन की सीमा तय करना शामिल था। प्रस्तावित ढांचे ने ऑनलाइन बीमा वितरण कारोबार की इकोनॉमी और पॉलिसी बाजार के रेवेन्यू और मुनाफे पर इसके असर को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

PB फिनटेक के मैनेजमेंट ने संकेत दिया है कि मौजूदा प्रस्तावों के कारण ऑफसेट (भरपाई) से पहले कोर रेवेन्यू में लगभग 30% की कमी आ सकती है, जिसका सबसे अधिक असर जनरल इंश्योरेंस सेगमेंटपर पड़ेगा। कंपनी ने इसके असर को कम करने के लिए कई उपाय सोचे हैं,जिनमें नई भर्तियों को धीमा करने, मार्केटिंग पर खर्च कम करने और अन्य लागतों में बदलाव करने जैसे उपाय शामिल हैं।

PB फिनटेक पर ब्रोकरेज की राय

ब्रोकरेज फर्मों ने भी कंपनी के अर्निंग अनुमान की नए सिरे से समीक्षा की है। पिछले हफ्ते HSBC ने PB फिनटेक की रेटिंग घटाकर ‘होल्ड’ कर दी और इसका टारगेट प्राइस 2,100 रुपये से घटाकर 1,150 रुपये कर दिया। जबकि मोतीलाल ओसवाल ने 1,150 रुपये के टारगेट के साथ ‘न्यूट्रल’ रेटिंग बरकरार रखी है।

हालांकि,इस हफ्ते की शुरुआत में बर्नस्टीन ने ‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग और 2,310 रुपये का टारगेट प्राइस बरकरार रखा। हालांकि ब्रोकरेज का अनुमान है कि प्रस्तावित ढांचे से इंश्योरेंस टेक रेट में लगभग 40% की कमी आ सकती है और वित्त वर्ष 2028 के मुनाफे में 34% तक की गिरावट हो सकती है।

बर्नस्टीन का कहना है कि PB फिनटेक को निकट भविष्य में कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। IRDAI के ड्राफ्ट पेपर्स में की गई कटौती से कंपनी को सबसे ज्यादा नुकसान होगा, क्योंकि इन ‘टेक-रेट’ (कमीशन दरों) पर कॉल सेंटर का खर्च निकालना संभव नहीं होगा। ब्रोकरेज के अनुसार, प्रस्तावित कमीशन कटौती बहुत खराब है और ड्राफ्ट पेपर में दिए गए टेक-रेट पर PB फिनटेक का ‘यूनिट इकोनॉमिक्स’ (प्रति यूनिट आर्थिक खर्च) पूरी तरह से बिगड़ सकता है।

बर्नस्टीन ने आगे कहा कि प्रस्तावित लिमिट के कारण हेल्थ और टर्म इंश्योरेंस की ग्रोथ पर कुछ असर पड़ सकता है। हालांकि, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (LIC) जैसी बीमा कंपनियों पर इसका असर कम होगा,क्योंकि इनकी लागत कम है और इनके पोर्टफोलियो में एजेंसी तथा यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (ULIP) का हिस्सा ज्यादा है।

 

Market Outlook : लाल निशान में बंद हुआ बाजार, जानिए 16 नवंबर को कैसी रह सकती है सेंसेक्स-निफ्टी की चाल

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।