Alia Bhatt: ‘लोगों को रोजगार छिन जाने से डरना नहीं चाहिए…’ दीपिका पादुकोण की 8 घंटे वाली शिफ्ट डिमांड का आलिया भट्ट ने किया सपोर्ट

Alia Bhatt: संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ से दीपिका पादुकोण के बाहर होने के बाद से इंडस्ट्री के वर्क कल्चर को लेकर बहस शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने काम के लिए 8 घंटे की शिफ्ट की मांग की थी, जिस पर असहमति के चलते उन्होंने फिल्म छोड़ दी। इस घटना ने फिल्म इंडस्ट्री के बेहद व्यस्त और थकाऊ शूटिंग शेड्यूल पर बहस छेड़ दी है।

काजोल और करीना कपूर खान जैसी कई हस्तियों ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है और काम के उचित घंटों का समर्थन किया है। अब आलिया भट्ट भी इस चर्चा में शामिल हो गई हैं। उन्होंने दीपिका का समर्थन करते हुए कहा है कि फिल्म इंडस्ट्री के वर्क कल्चर पर फिर से विचार करने की जरूरत है।

दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट की मांग पर आलिया भट्ट ने बात की

‘टाइम’ (Time) मैगजीन से बातचीत में आलिया भट्ट ने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें ऐसे प्रोड्यूसर्स के साथ काम करने का मौका मिला, जिन्होंने उनकी जरूरतों को समझा और उनका सम्मान किया। आलिया ने दीपिका पादुकोण का समर्थन किया, जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में काम के बेहद कठिन और लंबे घंटों के मुद्दे को सबके सामने रखा है। दीपिका के इस कदम से शूटिंग के लंबे घंटों को लेकर फिर से चर्चा शुरू हो गई है।

कई फिल्मों में तो एक्टर्स और क्रू मेंबर्स को दिन में 15 से 18 घंटे तक काम करना पड़ता है। आलिया का मानना ​​है कि इंडस्ट्री को इस चलन पर फिर से विचार करना चाहिए और काम के घंटों को ज्यादा व्यावहारिक (reasonable) बनाने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।

उन्होंने कहा- “मैं खुशकिस्मत रही हूं कि मेरे सभी प्रोड्यूसर्स ने मेरी जरूरतों का पूरा ख्याल रखा है, लेकिन इस पूरे सिस्टम पर फिर से सोचने की जरूरत है। यह मनमाना नहीं होना चाहिए। काम के उचित घंटे होने से काम ज्यादा बेहतर तरीके से होता है। लोगों को अपनी सीमाएं तय करने पर नौकरी खोने का डर नहीं होना चाहिए।”

आलिया ने फिल्म सेट पर बेहतर बुनियादी सुविधाओं की जरूरत पर भी जोर दिया, खासकर महिलाओं के लिए साफ-सुथरे और हाइजीनिक टॉयलेट की उपलब्धता। उन्होंने कहा कि आज के समय में साफ वॉशरूम जैसी बुनियादी जरूरत पर चर्चा करने की नौबत ही नहीं आनी चाहिए। एक्ट्रेस ने आगे कहा कि ऐसी सुविधाएं केवल मुख्य कलाकारों या सीनियर सदस्यों तक ही सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि पूरी क्रू टीम के लिए एक मानक (standard) के रूप में उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

आलिया भट्ट का वर्कफ्रंट

इस बीच बता दें कि आलिया को आखिरी बार ‘अल्फा’ (Alpha) फिल्म में शरवरी के साथ देखा गया था। अब वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ (Love & War) में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ नजर आएंगी। यह फिल्म जनवरी 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।