UP Assembly Election 2027 : आजम खान का ओवैसी पर तंज, बोले- उनकी दुआ दुश्मनों के लिए दवा थी; हैदराबादी नहीं मटर बिरयानी है पसंद

UP Assembly Election 2027 : आजम खान का ओवैसी पर तंज, बोले- उनकी दुआ दुश्मनों के लिए दवा थी; हैदराबादी नहीं मटर बिरयानी है पसंद

azam khan

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी बात बेबाकी के साथ रखी,  उन्होंने राजनीतिक, कानूनी और व्यक्तिगत मुद्दों के साथ ही असदुद्दीन ओवैसी से लेकर जौहर यूनिवर्सिटी पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई, जेल में बिताए दिनों, 2027 के विधानसभा चुनाव और सपा-कांग्रेस गठबंधन तक के मीडिया सवालों पर अपने अंदाज में जवाब दिए।

ALSO READ: हिमाचल में नकली दवाइयों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, पाउडर और भूसी से बना रहे थे ब्रांडेड दवाएं, यूपी तक फैला नेटवर्क

असुदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वह मौलाना नहीं, बल्कि बैरिस्टर हैं। दाढ़ी रखने से कोई मौलवी या साधु नहीं हो जाता। वहीं, जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई को लेकर उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों को चुनौती देते हुए कहा कि वे मुकदमा वापस लेकर अथॉरिटी से कह सकते हैं कि आकर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर चला दें, ताकि दुनिया देख सके कि शिक्षा के मंदिर को कैसे गिराया जाता है।

 

ओवैसी की दुआ पर बोले- दुश्मनों के लिए थी दवा

 

असदुद्दीन ओवैसी के रामपुर आने और उनके लिए दुआ करने के सवाल पर आजम खान ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि यदि वह हितैषी थे तो घर की दूरी ज्यादा नही थी साथ ही कहाकि ओवैसी मौलाना नहीं, बैरिस्टर हैं। केवल दाढ़ी रखने से कोई मौलवी या साधु नहीं बन जाता। ओवैसी की दुआ उनके लिए नहीं, बल्कि उनके दुश्मनों के लिए दवा थी। हैदराबादी बिरयानी को लेकर भी उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके इलाके में हैदराबादी बिरयानी नहीं, बल्कि पुलाव और मटन बिरयानी पसंद की जाती है।

 

जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई को लेकर एजेंसियों पर सवाल

 

जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग और रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) की कार्रवाई पर आजम खान ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी का निर्माण वर्ष 2004 से 2006 के बीच हुआ था। उस समय नक्शा पास करने के लिए मौजूदा प्राधिकरण जैसी व्यवस्था नहीं थी। इसके बावजूद आज के नियमों और दरों के आधार पर पुरानी इमारतों का आकलन किया जा रहा है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि आयकर विभाग ने उस समय के 120 से 125 रुपये प्रति वर्गफुट के बजाय मौजूदा 2,400 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से गणना की है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह शायद अपना मुकदमा ही वापस ले लें और आरडीए से कहें कि वह आकर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर चला दे, जिससे पूरी दुनिया देख सके कि शिक्षा के मंदिर को किस तरह गिराया जाता है।

 

मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी के मुकदमों का किया जिक्र

 

अपने ऊपर दर्ज मुकदमों और जेल में बिताए समय को याद करते हुए आजम खान ने भावुक अंदाज में अपनी पीड़ा जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ मुर्गी, बकरी, भैंस और फर्नीचर चोरी कराने जैसे आरोप लगाए गए। इन मुकदमों और सजा का जिक्र करते हुए उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया और अपने साथ हुए व्यवहार पर सवाल उठाए।

 

जेल में अमानवीय व्यवहार और खराब भोजन दिए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने अपने स्वास्थ्य में आए बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सरेंडर किया था, तब उनका वजन 98 किलो था, जो अब घटकर करीब 70 किलो रह गया है।

 

हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का जताया आभार

 

कानूनी मामलों में मिली राहत पर आजम खान ने हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें, उनकी पत्नी और बेटे को कई मामलों में अदालतों से राहत मिली है तथा कुछ मामलों में सजा पर रोक लगी है। उन्होंने न्यायपालिका के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अदालतों से मिली राहत उनके लिए महत्वपूर्ण है।

 

2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की जताई उम्मीद

 

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आजम खान ने कहा कि चुनाव धर्म और जाति के नाम पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने खुद चुनाव लड़ने की उम्मीद भी जताई। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनकी राजनीतिक सक्रियता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

ALSO READ: Gold Rate : क्या 1 लाख रुपए से नीचे आ जाएगा सोना? कीमतों में गिरावट से निवेशकों की बढ़ी चिंता, भारतीय खरीदारों के लिए क्यों है राहत?

अखिलेश की रथ यात्रा पर बोले- पूरा यूपी एक गाड़ी पर सवार नहीं हो सकता

 

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की रथ यात्रा में शामिल होने के सवाल पर आजम खान ने कहा कि उत्तर प्रदेश पाकिस्तान से भी बड़ा प्रदेश है। सभी लोग एक ही गाड़ी पर सवार नहीं हो सकते। अलग-अलग स्थानों पर रहकर काम करना होगा। उनके इस बयान को पार्टी के भीतर अलग-अलग क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने की जरूरत से जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को पद और शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

ALSO READ: PUC Certificate New Rules 2026 : बार-बार नहीं बनवाना होगा पीयूसी सर्टिफिकेट, जान लें नया नियम

केशव मौर्य के बयान पर कसा तंज

 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के इस बयान पर कि आजम खान जमानत पर हैं, उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में पलटवार किया। आजम खान ने कहा कि वह मौर्य जी से बहुत डरते हैं, क्योंकि उन पर भी कई मुकदमे थे, जिन्हें वापस ले लिया गया है। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो सकती है।

ALSO READ: EPFO : पीएफ के नियम में बड़ा बदलाव, अब 55 की उम्र से पहले 2 महीने में खाते से निकाल सकेंगे 90% पैसा

कांग्रेस से सम्मानजनक समझौते की उम्मीद

 

आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर आजम खान ने कहा कि यह पहले वाली कांग्रेस नहीं है। उन्होंने पुरानी कांग्रेस के कार्यकाल में बाबरी मस्जिद और मलियाना-मेरठ की घटनाओं का जिक्र किया। साथ ही कहा कि वर्तमान कांग्रेस नेतृत्व के साथ उनके अच्छे संबंध हैं और चुनाव में सम्मानजनक समझौता होगा।

 

मौलवी के लिए ग्रेजुएशन और हिंदी की अनिवार्यता पर भी रखी राय

 

मौलवी बनने के लिए ग्रेजुएशन और हिंदी की अनिवार्यता से जुड़े सवाल पर आजम खान ने कहा कि उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने अपनी शिक्षा का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) से हिंदी साहित्य के साथ पढ़ाई की है और उन्हें हिंदी भाषा का अच्छा ज्ञान है।

 

रामपुर के पूर्व अधिकारियों पर भी लगाए आरोप

 

स्थानीय प्रशासन और पूर्व अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आजम खान ने रामपुर में पार्कों और गेटों के नाम बदले जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने एक पूर्व कमिश्नर पर करीब 40 करोड़ रुपये की जमीन का लैंड यूज बदलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासनिक फैसलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

 

आजम खान की इस बातचीत में जहां एक ओर जौहर यूनिवर्सिटी और कानूनी मामलों को लेकर उनका दर्द सामने आया, वहीं दूसरी ओर 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी राजनीतिक तैयारी और गठबंधन के मुद्दे पर भी उनकी राय स्पष्ट दिखाई दी। ओवैसी, केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणियों से उन्होंने प्रदेश की सियासत में अपनी एक बार फिर से सक्रिय होने संकेत दिया है।