
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में अखिलेश यादव की यात्रा के दौरान जेसीबी से कुचलकर एक बच्चे के मौत हो गई। सीएम आदित्यनाथ ने बच्चे के परिवार को 5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। इसे लेकर अब राजनीतिक गलियारों में घमासान शुरू हो गया है।
बच्चे की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा चीफ अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस बच्चे की क्या गलती थी? सपा की अराजकता ने मासूम की जान ली।
क्या कहा बीजेपी ने : बीजेपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सपा पर कई आरोप लगाए और लिखा है कि अखिलेश यादव के स्वागत के उन्माद की बलि चढ़ा 12 साल का मासूम। सपाई सड़क पर उतरते ही उन्माद में इस कदर खो जाते हैं कि उन्हें न किसी की सुरक्षा की चिंता रहती है, न किसी की जान की। आज इसी उन्माद ने एक मासूम की जान ले ली। बच्चे को बेरहमी से कुचले जाने की तस्वीरें देखकर किसी का भी मन विचलित हो जाए। अपने स्वागत के उन्माद में एक परिवार का चिराग बुझाकर अखिलेश जी, आपकी पार्टी ने आखिर हासिल क्या किया? क्या अपने स्वागत के अहंकार में उस मासूम के परिजनों की चीखें आपके कानों तक नहीं पहुंच रही हैं, अखिलेश जी?
अखिलेश ने किया पलटवार : वहीं सीएम योगी की प्रतिक्रिया पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने कहा, “किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं”
दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति कर रहे लोग : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रोड शो के दौरान हादसे में भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे आर्य वर्धन सिंह की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करनेवाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।
गुंडागर्दी की पर्याय है सपा- CM योगी : सीएम योगी ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा- “बहनों और भाइयों, प्रकृति की चिंता वही करेगा जिसके मन में संवेदना हो। जिसके मन में अपने देवी-देवताओं के प्रति आस्था का भाव हो। जिसके मन में अन्नदाता किसान के प्रति संवेदना का भाव हो और जिसके मन में नौजवान की रोजगार की चिंता हो। वही कर सकता है। क्या ये 2017 के पहले संभव था? तब वन माफिया थे, तब खनन माफिया थे, तब कैटल माफिया थे और माफिया का ये स्वरूप देखना हो, आपने देखा होगा। लोकप्रिय सांसद रवि किशन शुक्ला कह रहे थे ये भी। कल समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था। नाबालिग लड़के को उन्होंने अपने रोड शो का शिकार बना दिया। सपा, ये गुंडागर्दी की पर्याय है। समाजवादी पार्टी, ये अराजकता की पर्याय है, दंगों की पर्याय है, कर्फ्यू की पर्याय है, गुंडागर्दी की पर्याय है। हर माफिया इनका सगा है और जनता को तो इन्होंने हमेशा दगा दिया है। इन्होंने हमेशा जनता के साथ धोखा किया है। उनका शोषण किया है।


