
नई दिल्ली। खुदरा महंगाई के बाद थोक महंगाई दर में भी बड़ी बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में थोक महंगाई दर बढ़ कर 12.29 फीसदी हो गई। सितंबर में यह 11.39 फीसदी थी। इसका अर्थ है कि एक महीने में इसमें 0.90 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई। अक्टूबर के महीने में खुदरा महंगाई दो साल के बाद पहली बार रिजर्व बैंक की ओर से तय महंगाई की अधिकतम छह फीसदी की सीमा से ऊपर पहुंच गई।
खुदरा महंगाई में लगातार 10वें महीने बढ़ोतरी हुई, जबकि थोक महंगाई में लगातार तीसरे महीने बढ़ोतरी हुई है। बताया जा रहा है कि इसकी बड़ी वजह ईंधन और बिजली के दाम बढ़ना है। इनकी महंगाई दर सितंबर में 25.85 फीसदी थी, जो अक्टूबर में बढ़कर 32.84 फीसदी हो गई। अक्टूबर के महीने में खाने, पीने की चीजों के दाम में थोड़ी राहत मिली है। इनकी महंगाई दर सितंबर के 8.66 फीसदी से घटकर अक्टूबर में 8.58 फीसदी हो गई। रोजमर्रा की जरूरत की दूसरी चीजों की महंगाई 8.67 फीसदी से बढ़ कर 9.24 फीसदी हो गई।

