Pricol से अलग होगा ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार, प्रमोटर ₹1663 करोड़ में Warburg Pincus को बेचेंगे हिस्सा

प्रिकोल लिमिटेड (Pricol Ltd) के प्रमोटर कंपनी के ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार को एक अलग इकाई ‘प्रिकोल ऑटोटेक’ के रूप में अलग (डीमर्ज) कर रहे हैं। इसके बाद प्रमोटर उसमें अपनी पूरी 38.51 प्रतिशत हिस्सेदारी ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म ‘वारबर्ग पिंकस’ को बेच देंगे। यह डील ₹1,663.07 करोड़ में होगी। इसके बाद वारबर्ग पिंकस इस नई एंटिटी में पब्लिक शेयरधारकों से अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक ‘ओपन ऑफर’ लाएगी। सौदे के पूरा होने पर वारबर्ग पिंकस, डीमर्ज्ड एंटिटी में सबसे बड़ी शेयरहोल्डर बन जाएगी।

एक रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, प्रिकोल और वारबर्ग पिंकस ने संयुक्त रूप से घोषणा की है कि उन्होंने इस प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए पक्के समझौते (definitive agreements) कर लिए हैं। यह अधिग्रहण तब होगा, जब प्रिकोल का ‘ड्राइवर इनफॉर्मेशन एंड कनेक्टेड व्हीकल सॉल्यूशंस’ (DICVS) कारोबार ‘प्रिकोल ऑटोटेक’ के रूप में अलग हो जाएगा। फिर यह NSE और BSE पर लिस्ट होगा। यह प्रस्तावित अधिग्रहण, डीमर्जर के प्रभावी होने और जरूरी रेगुलेटरी व अन्य मंजूरियां मिलने पर निर्भर करेगा।

प्रिकोल लिमिटेड को इस प्रस्तावित सौदे से कोई रकम नहीं मिलेगी। ₹1,663.07 करोड़ तक की पूरी रकम प्रमोटर ग्रुप के उन सदस्यों और एंटिटीज को दी जाएगी, जो प्रिकोल ऑटोटेक में अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं।

शेयरहोल्डर्स के लिए क्या

प्रिकोल के बोर्ड ने 27 जून 2026 को इस डीमर्जर के लिए एक योजना को मंजूरी दी थी। इस योजना के तहत, प्रिकोल लिमिटेड के पात्र शेयरधारकों को पेरेंट कंपनी में उनके पास मौजूद हर एक इक्विटी शेयर के बदले ‘प्रिकोल ऑटोटेक’ का एक इक्विटी शेयर मिलने की उम्मीद है। ‘प्रिकोल ऑटोटेक’ में DICVS कारोबार शामिल होगा, जो ड्राइवर इनफॉर्मेशन सिस्टम और ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स (जैसे इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टेलीमैटिक्स, सेंसर और ई-कॉकपिट सॉल्यूशंस) उपलब्ध कराता है। यह कंपनी टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, पैसेंजर व्हीकल, कमर्शियल व्हीकल और ऑफ-हाइवे सेगमेंट में ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) को अपनी सेवाएं देती है।

यह योजना और प्रस्तावित सौदा कई मंजूरियों और शर्तों के अधीन है। इसमें शेयरधारकों, लेनदारों, स्टॉक एक्सचेंजों, सेबी, नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) और कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) जैसी एंटिटीज की मंजूरियां शामिल हैं, जो लागू नियमों के अनुसार आवश्यक होंगी।

Eicher Motors Q2 results: मुनाफा 15% बढ़कर 1573 करोड़ रुपये, रेवेन्यू में 20% उछाल

डीमर्जर के बाद प्रिकोल लिमिटेड अपना ‘एक्चुएशन, कंट्रोल एंड फ्लूइड मैनेजमेंट सिस्टम्स’ (ACFMS) कारोबार चलाना जारी रखेगी। वहीं, इसका पॉलिमर कारोबार इसके 100 प्रतिशत मालिकाना हक वाली सहायक कंपनी, ‘प्रिकोल प्रिसिजन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ के जरिए संचालित होगा। दोनों कारोबार प्रिकोल के मौजूदा प्रमोटर समूह, यानि कि मोहन परिवार के स्वामित्व और मैनेजमेंट के अधीन रहेंगे। उनकी शेयरहोल्डिंग में कोई बदलाव नहीं होगा।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।