भारत समिट में आने वालों को सरकार ने रोका

हैदराबाद। कांग्रेस की ओर से हैदराबाद में आयोजित दो दिन के भारत समिट के पहले ही दिन बड़ा विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि दुनिया भर से इस सम्मेलन में हिस्सा लेने आ रहे लोगों में से अनेक लोगों को विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय ने रोक दिया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दावा किया है कि ऐसे लोग, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार से सवाल पूछते हैं उनको इस समिट में आने से रोका गया है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तो आगे बढ़ कर यह दावा किया है कि कुल 315 वक्ता आने वाले थे, जिनमें से 115 वक्ताओं को भारत सरकार द्वारा रोक दिया गया है। गौरतलब है कि 13 और 14 नवंबर को भारत समिट के दूसरे संस्करण का आयोजन हो रहा है। कांग्रेस के आरोपों पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सिर्फ इतना कहा है कि वीजा का मामला किसी भी देश और सरकार का संप्रभु मामला है। गृह मंत्रालय ने आरोपों पर कोई जवाब नहीं दिया है। लेकिन केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कांग्रेस के इस सम्मेलन पर सवाल उठाया है और कहा है कि कांग्रेस भारत विरोधी ताकतों को इकट्ठा कर रही है।

गौरतलब है कि समिट का आयोजन कांग्रेस के विदेश प्रकोष्ठ और तेलंगाना सरकार की ओर से किया जा रहा है। पहले दिन मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद भी शामिल हुए। इसमें 70 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। समिट में वैश्विक चुनौतियों और मौजूदा मुद्दों पर चर्चा हो रही है। राहुल गांधी शनिवार को समिट में शामिल होंगे। इसके पहले दिन तेलंगाना के आईटी और उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू ने कहा कि इसका उद्देश्य राज्य में निवेश और रोजगार लाना है।

बहरहाल, बताया जा रहा है कि राहुल गांधी शनिवार, 14 नवंबर को हैदराबाद में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के कार्यक्रम और रैली में शामिल होंगे। इस दौरान ऐप आधारित सेवाओं के लिए डिलीवरी करने वाले, कैब ड्राइवर और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े अन्य कर्मचारियों से वे बातचीत करेंगे। कार्यक्रम हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर के पास होगा। इसके साथ गिग वर्कर्स की रैली भी निकाली जाएगी। इस दौरान वर्कर्स के लिए वेलफेयर बोर्ड की शुरुआत भी होगी, जो राज्य में उनके लिए कानून और कल्याणकारी योजनाएं लागू करेगा।