कम्युनिकेशन फेलियर से US में फ्लाइट ठप, 4700 से ज्यादा उड़ानें हुईं रद्द; 4 घंटे बाद हटा शटडाउन

शुक्रवार को अमेरिका में 4 घंटे के लिए फ्लाइट सेवा एकदम ठप हो गई। एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों में कम्युनिकेशन फेल होने की वजह से हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी मच गई। इसके चलते 11 सितंबर, 2001 के हमलों के बाद का सबसे लंबा देशव्यापी फ्लाइट शटडाउन देखा गया। ‘फ्लाइटरडार24’ के अनुसार, शुक्रवार को 4,700 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं और 10,000 उड़ानों में देरी हुई। इसके अलावा, शनिवार के लिए भी 700 उड़ानें रद्द की गईं।

लेकिन अब अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पूरे अमेरिका में लागू ‘ग्राउंड स्टॉप’ (उड़ानों पर रोक) को हटा दिया है। परिवहन सचिव शॉन डफी ने एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि यह व्यवधान पुराने हार्डवेयर के कारण हुआ। ऐसा अंदेशा था कि साइबरअटैक की वजह से कम्युनिकेशन फेल हुआ। लेकिन डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने कहा है कि ऐसा कोई संकेत नहीं है कि यह खराबी किसी साइबर हमले की वजह से हुई थी।

इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट ने भी स्पष्ट किया था कि इस घटना का साइबर हमले, आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) या AI एजेंटों से कोई लेना-देना नहीं है। कंपनी ने अपनी सेवाओं में आई व्यापक रुकावट और उसके चलते उड़ानों में पैदा हुए अवरोध के लिए ग्राहकों और साझेदारों से माफी मांगी। कंपनी ने कहा कि यह ग्लोबल आउटेज (सेवा ठप होना) नेटवर्क क्षमता बढ़ाने से जुड़ी एक तकनीकी समस्या के कारण हुआ।

शेड्यूल फिर से सामान्य करने में लग सकते हैं कई दिन

रॉयटर्स के मुताबिक, एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि 4 घंटे से ज्यादा समय तक चले इस देशव्यापी शटडाउन के बाद, एयरलाइंस को अपना शेड्यूल फिर से सामान्य करने में कई दिन लग सकते हैं। यह घटना अमेरिकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पर बढ़ते दबाव का एक बड़ा और गंभीर संकेत है। यह सिस्टम पहले से ही उपकरणों और कम्युनिकेशन की समस्याओं, कंट्रोलर्स की कमी और पुराने हो चुके इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है।

11 सितंबर के हमलों के बाद से, देशव्यापी ‘ग्राउंड स्टॉप’ की ऐसी ही एक और घटना जनवरी 2023 में हुई थी, जब FAA ने लगभग 90 मिनट के लिए घरेलू उड़ानों के डिपार्चर को रोक दिया था।