पाकिस्तान से दिवाली और पिछली खिताबी हार का बदला लेने कल उतरेंगा यंगिस्तान

INDvsPAK

दिवाली के दिन पाकिस्तान अंडर 19 टीम ने भारत की अंडर 19 टीम को 3 विकेट से हरा दिया था। अब भारत के पास पाकिस्तान से ना केवल पिछली खिताबी हार बल्कि दिवाली के दिन मिली हार का बदला लेने का उपयुक्त मौका है। भारत अगर पाकिस्तान को कल अंडर 19 विश्वकप के फाइनल में हरा देता है तो रिकॉर्ड 9वीं बार इस कप पर कब्जा जमा लेगा।

पिछले साल पाकिस्तान ने वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे से सजी भारत को 151 रन से हराकर अपना दूसरा खिताब जीता था। अगर भारत को कल यह कारनामा करना है तो आर्यवीर सहवाग और ईशान सूद जैसे खिलाड़ियों को बड़ी भूमिका निभानी होगी।

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने अब तक चार मैचों में 101 के औसत से 303 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वह अब तक टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।मजबूत कद-काठी वाले तेज गेंदबाज सूद ने अपनी तेज गति का अच्छा इस्तेमाल करते हुए चार मैचों में 11 विकेट लिए हैं और भारत की गेंदबाजी उन पर काफी निर्भर है।

लेकिन इन दोनों के अलावा कप्तान लक्ष्य रायचंदानी, विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़, मध्य क्रम के बल्लेबाज अर्जुन राजपूत और वीके विनीत जैसे खिलाड़ियों ने अब तक अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं दिखाई है।

रायचंदानी और राजपूत ने हालांकि एक-एक अच्छी पारियां खेली हैं। राजपूत ने जहां ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ शतक बनाया था, वहीं रायचंदानी ने अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 93 रन की शानदार पारी खेली थी। इस मैच में विनीत ने भी अर्धशतक बनाया था।

जहां तक भारतीय गेंदबाजी का सवाल है तो अभी तक सूद ने ही अधिकांश जिम्मेदारी संभाली है। सूद को स्पिनरों राजपूत और मनल चौहान से और अधिक सहयोग की जरूरत होगी। इन दोनों ने अभी तक पांच-पांच विकेट लिए हैं, लेकिन उनमें से तीन विकेट एक ही मैच में आए हैं।

पाकिस्तान के लिए उस्मान खान (238 रन) और तेज गेंदबाज रिजवानुल्लाह (11 विकेट) शीर्ष प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हैं। लीग चरण में भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले हमजा जहूर फिर से अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक होंगे।रिजवानुल्लाह के अलावा पाकिस्तान के पास मोहम्मद सैयाम (08 विकेट) और अली रजा (06 विकेट) जैसे अच्छे गेंदबाज भी हैं।

पाकिस्तान एक बार फिर भारत के सामने आत्म विश्वास से उतरेगा हालांकि उसका निचला क्रम बार बार चले यह जरूरी नहीं। पड़ोसी कल फिर अपने तेज गेंदबाजी क्रम पर निर्भर रहेंगें।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत : लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उप-कप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सवसानी, मोहित उलवा, काव्या पटेल, शविन विनोद, इशान सूद।

पाकिस्तान : फरहान यूसुफ (कप्तान), हुजैफा अहसन, उस्मान खान, हयाम खान, हसनैन अब्बास डार, जहांगीर बिलाल, अहमद हुसैन, नकाब शफीक, हमजा जहूर, अब्दुल सुभान, अली रजा, मोहम्मद हुजैफा, मोहम्मद सय्याम, रिजवानुल्लाह, अब्दुल कादिर।

समय: सुबह 10:30 बजे

कहां देखें- सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क या सोनी लिव पर